Tuesday, November 24

डीआईजी ने की कार्रवाई, पुलिस को देखकर ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक; छह नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

 

देवघर। देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में करीब 24 टन कोयला लदा ट्रक जब्त किए जाने के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। मामले में मधुपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार को निलंबित कर दिया गया है। देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने निलंबन की पुष्टि की है।

 

जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि आसपास के गांवों से बाइक के जरिए कोयला इकट्ठा किया जा रहा है। इसके बाद उसे ट्रक में लोड कर दूसरे स्थान पर भेजने की तैयारी है। सूचना मिलने पर पुलिस की गश्ती टीम लखनुआ गांव की ओर पहुंची। इसी दौरान एक ट्रक तेजी से भागता दिखाई दिया। पुलिस ने उसका पीछा किया।

 

पुल के पास फंसा ट्रक, चालक फरार

 

पुलिस के मुताबिक, पीछा करने के दौरान ट्रक लखनुआ-माधोपुर मार्ग पर ठेठवाजोर पुल के पास फंस गया। पुलिस को सामने देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जांच में ट्रक पर करीब 23 से 24 टन कोयला लदा मिला। पुलिस का कहना है कि कोयले से संबंधित वैध कागजात मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए।

 

इसके बाद पुलिस ने ट्रक और कोयले को जब्त कर लिया। क्रेन की मदद से ट्रक को वहां से निकालकर मधुपुर थाना लाया गया।

 

थाना प्रभारी पर डीआईजी की कार्रवाई

 

कोयला लदा ट्रक जब्त होने के बाद मधुपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार को निलंबित कर दिया गया। एसपी प्रवीण पुष्कर के अनुसार, थाना प्रभारी से थाने का कामकाज ठीक से नहीं संभल पा रहा था। कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और थाना क्षेत्र की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभालने में चूक के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई।

 

छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी

 

इस मामले में एएसआई बागुन मार्डी की शिकायत पर मधुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब ट्रक मालिक, चालक और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Share.
Next Story
50 वर्षों से अधिक पुरानी चित्रगुप्त पूजा की परंपरा, रांची महानगर चित्रगुप्त पूजा समिति कर रही भव्य आयोजन
Exit mobile version