रांची। झारखंड में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़कर काम करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ने अलग-अलग श्रेणियों में कुल 113 पदों पर नियुक्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें 12वीं पास युवाओं से लेकर मास्टर डिग्री धारक अभ्यर्थियों तक को आवेदन का अवसर मिलेगा। चयन ऑपरेशनल मैनेजर (हेल्थ इंश्योरेंस), फ्लोर को-ऑर्डिनेटर और आयुष्मान मित्र के पदों पर किया जाएगा। योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से होगा।
100 आयुष्मान मित्रों की होगी नियुक्ति, 12वीं पास को मौका
रिम्स की इस भर्ती में सबसे अधिक पद आयुष्मान मित्र के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस श्रेणी में कुल 100 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थियों के पास छह महीने का डीसीए कंप्यूटर सर्टिफिकेट होना चाहिए। हिंदी, अंग्रेजी और स्थानीय भाषा का ज्ञान भी जरूरी है।
आरोग्य मित्र के रूप में पहले काम कर चुके अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। आयुष्मान मित्र को प्रत्येक सफल केस के आधार पर 120 रुपये का भुगतान किया जाएगा। यानी इस पद पर पारिश्रमिक काम के सफल मामलों की संख्या पर निर्भर करेगा।
फ्लोर को-ऑर्डिनेटर के 12 और मैनेजर का एक पद
रिम्स में फ्लोर को-ऑर्डिनेटर के 12 पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए किसी भी विषय में स्नातक होना जरूरी है। अभ्यर्थियों के पास सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रम या स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र में प्रबंधकीय स्तर पर कम से कम दो साल का अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा छह महीने का कंप्यूटर ऑपरेशन सर्टिफिकेट और हिंदी-अंग्रेजी में संवाद करने की क्षमता अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
वहीं, ऑपरेशनल मैनेजर (हेल्थ इंश्योरेंस) के लिए एक पद निर्धारित है। इसके लिए हेल्थकेयर में एमबीए या फुल टाइम मास्टर डिग्री होना जरूरी है। साथ ही सरकारी स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम के क्रियान्वयन में कम से कम पांच साल का अनुभव मांगा गया है। इस पद पर चयनित अभ्यर्थी को 75 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। कंप्यूटर, इंटरनेट और हिंदी-अंग्रेजी में संवाद करने की अच्छी क्षमता भी जरूरी है।
आरक्षण के तहत पदों का किया गया बंटवारा
भर्ती में आरक्षण के प्रावधानों का भी ध्यान रखा गया है। फ्लोर को-ऑर्डिनेटर के 12 पदों में पांच अनारक्षित, तीन एसटी, एक एससी, एक बीसी-I, एक बीसी-II और एक ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए निर्धारित है।
इसी तरह आयुष्मान मित्र के 100 पदों में 40 अनारक्षित, 26 एसटी, 10 एससी, आठ बीसी-I, छह बीसी-II और 10 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
वर्ग के अनुसार निर्धारित है अधिकतम उम्र सीमा
भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा भी तय की गई है। सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम उम्र 40 वर्ष, बीसी-I और बीसी-II के लिए 42 वर्ष तथा एससी-एसटी वर्ग के लिए 45 वर्ष निर्धारित है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त छूट मिलेगी। सामान्य वर्ग के दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष, बीसी-I और बीसी-II के लिए 47 वर्ष तथा एससी-एसटी के लिए 50 वर्ष निर्धारित की गई है।
सरकारी कर्मचारियों के लिए अधिकतम आयु सीमा सामान्य वर्ग में 50 वर्ष, बीसी-I और बीसी-II में 52 वर्ष तथा एससी-एसटी में 55 वर्ष रखी गई है। महिला अभ्यर्थियों को झारखंड सरकार के नियमों के अनुसार संबंधित श्रेणी में तीन वर्ष की अतिरिक्त छूट मिलेगी। आयु की गणना इंटरव्यू की तिथि के आधार पर की जाएगी।
रिम्स निदेशक कार्यालय में होगा इंटरव्यू
इन पदों पर नियुक्ति के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को रिम्स, रांची स्थित निदेशक कार्यालय में उपस्थित होना होगा। रिपोर्टिंग का समय सुबह 9:30 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, कंप्यूटर सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रति रखनी होगी। साथ ही सभी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित फोटोकॉपी भी ले जानी होगी।
रिम्स में पहले से कार्यरत कर्मचारियों को चयन में प्राथमिकता दिए जाने का प्रावधान भी विज्ञापन में शामिल है। ऐसे में अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में जाने से पहले आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में पदवार योग्यता, अनुभव और अन्य शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए।
