सिमडेगा/रांची : भगवान श्रीराम के चरण रज से पवित्र रामरेखा धाम में 23 नवंबर से द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय महोत्सव 25 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रामरेखा धाम पहुंचने की संभावना है।
इस संबंध में सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह ने श्रद्धालुओं और जिलेवासियों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रामरेखा धाम वह पवित्र भूमि है, जहां भगवान श्रीराम के चरणों की स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। यहां पहुंचकर श्रद्धालु भगवान श्रीराम के चरणों में नमन करते हैं और स्वयं को धन्य महसूस करते हैं।
श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील
उपायुक्त कंचन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि सभी लोग इस पवित्र भूमि पर नमन करें और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने हृदय में धारण करें। उन्होंने समाज को सुंदर, सुखी और सशक्त बनाने के लिए सभी से अपना योगदान देने की अपील की।
तीन दिनों तक चलेगा राजकीय महोत्सव
23 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाला द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव सिमडेगा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती देने वाला आयोजन है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रामरेखा धाम में श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में इस महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह रहने की उम्मीद है।
