Tuesday, October 13

रांची। स्वतंत्रता दिवस 2026 के राजकीय समारोह को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मोरहाबादी मैदान में होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई।

बैठक में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े निर्देशों की जानकारी दी।

समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने का निर्देश

उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट, जिम्मेदारियों और निर्धारित कार्यों की पूरी जानकारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी तय समय से पहले अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचें और मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों के आगमन से लेकर उनके प्रस्थान तक की व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित रखें।

उन्होंने समारोह के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने पर भी जोर दिया।

सुरक्षा जांच पर विशेष फोकस

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने समारोह की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मैदान में प्रवेश करने वाले लोगों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक वस्तु को परिसर के भीतर पहुंचने से रोकने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सभी कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने को कहा।

ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी तैयारी

समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह ने निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन कराने तथा समारोह में आने वाले लोगों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

मोरहाबादी मैदान में ड्रोन उड़ाने पर रोक

सुरक्षा के मद्देनजर मोरहाबादी मैदान में निजी या अनधिकृत ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर पूरी तरह रोक रहेगी। समारोह के दौरान केवल सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा अधिकृत ड्रोन से ही हवाई तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए जाएंगे।

प्रशासन का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और सुचारू तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसे भी पढ़े – खनिज सेस पर केंद्र का बड़ा फैसला, झारखंड के राजस्व और मंईयां सम्मान योजना पर बढ़ सकती है चुनौती

Share.
Next Story
कोचिंग जाने निकलीं नौवीं की दो छात्राएं लापता, दो युवकों पर साथ ले जाने का आरोप
Exit mobile version