रांची: रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर से नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं 9 अगस्त की सुबह कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद रातू थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
परिजनों के अनुसार, दोनों छात्राएं सुबह करीब 9 बजे पंडरा स्थित कोचिंग सेंटर जाने के लिए घर से निकली थीं। जब काफी देर तक दोनों घर नहीं पहुंचीं तो परिवार के सदस्यों ने कोचिंग सेंटर में संपर्क किया। वहां पता चला कि दोनों छात्राएं उस दिन कोचिंग पहुंची ही नहीं थीं।
इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें कथित तौर पर जानकारी मिली कि राहुल लोहरा, पिता विश्वकर्मा लोहरा, निवासी उरगुटु और सूरज लोहर, पिता लक्ष्मी लोहरा, निवासी कोकदोरो, थाना पिठौरिया, दोनों छात्राओं को अपने साथ ले गए हैं।
पुलिस से सकुशल बरामदगी की मांग
मामले को लेकर एक छात्रा की मां ने रातू थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में दोनों युवकों पर छात्राओं को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों ने पुलिस से दोनों नाबालिग छात्राओं की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
फिलहाल पुलिस के स्तर से मामले की जांच की जा रही है। छात्राओं के लापता होने के बाद परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और जल्द बरामदगी की उम्मीद कर रहे हैं।
इसे भी पढ़े – मोरहाबादी में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा सख्त, ड्रोन उड़ाने पर रहेगा प्रतिबंध
