हजारीबाग: मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बंद घर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के आभूषणों को बरामद कर लिया है। बरामद सोने और चांदी के आभूषणों की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर 2026 को सखिया, पोस्ट-ओरिया के बंद घर में अज्ञात व्यक्ति ने घुसकर सोने के आभूषण समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए थे। मामले को लेकर पीड़िता के लिखित आवेदन पर मुफस्सिल थाना में दर्ज किया गया था।
CCTV और तकनीकी साक्ष्य से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर चोरी की घटना का जल्द खुलासा और सामान की बरामदगी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर रूपक कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक बिंदेश्वर महतो समेत थाना के सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को शामिल किया गया।
पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की जांच के साथ तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को खंगाला। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जाफर अंसारी, थाना मुफस्सिल, हजारीबाग बताया।
झाड़ी में छिपाकर रखे थे चोरी के जेवर
पुलिस के अनुसार, जाफर अंसारी की निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए। आरोपी ने इन्हें झाड़ी में छिपाकर रखा था। पुलिस का दावा है कि चोरी किए गए सभी सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने इस घटना में अपने दोस्त मो. फिरोज अंसारी उर्फ सोनू के साथ शामिल होने की बात बताई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
29 ग्राम सोना और 450 ग्राम चांदी बरामद
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आरोपी के पास से करीब 29 ग्राम सोने के आभूषण और 450 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद आभूषणों की वर्तमान कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार जाफर अंसारी के खिलाफ मुफस्सिल थाना में पहले भी मामले दर्ज हैं. छापेमारी टीम में SDPO सदर रूपक कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक बिंदेश्वर महतो, सहायक अवर निरीक्षक उषा कुमारी, तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
इसे भी पढ़े – 21 बार बुलाया, फिर भी नहीं आए BDO साहब…अब अखबार में छपा ‘आखिरी बुलावा’



