Sunday, October 4

जितिया पर्व की खुशियां शनिवार शाम उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सुवर्णरेखा नदी में नहाने उतरीं दो सगी बहनें गहरे पानी में समा गईं। यह घटना गांधी घाट के समीप हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने एक बच्ची को डूबने से बचा लिया, लेकिन दूसरी बच्ची नदी के तेज बहाव में बह गई और उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

बचाई गई बच्ची का नाम पूनम है। उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। लापता बच्ची की पहचान आयुषी उर्फ ज्योति के रूप में हुई है। दोनों समता नगर के रहने वाले संतोष ठाकुर की बेटियां हैं।

मां के साथ गई थीं स्नान करने

मिली जानकारी के अनुसार, जितिया पर्व के मौके पर दोनों बहनें शनिवार की शाम अपनी मां के साथ गांधी घाट के नीचे नदी में स्नान करने पहुंची थीं। नहाने के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी की ओर चली गईं और डूबने लगीं। बेटियों को डूबता देख मां घबरा गईं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े और बचाव में जुट गए।

लोगों की तत्परता से एक बच्ची को पानी से बाहर निकाल लिया गया और बिना देर किए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि दूसरी बच्ची का कुछ पता नहीं चल पाया।

अंधेरे और तेज बहाव से बाधित हुई तलाश

हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्ची की खोज शुरू की गई। शाम ढलने के साथ बढ़ते अंधेरे और नदी के तेज बहाव के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं। इसके बावजूद पुलिस, गोताखोर और स्थानीय लोग बच्ची को तलाशने में लगे रहे।

इस घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Share.
Next Story
ट्रैफिक पुलिस की पहल: नेवरी के विकाश विद्यालय में बच्चों को सिखाया गया “पैदल यात्रियों का सम्मान”
Exit mobile version