जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी स्थित बांधडीह टोला की घटना, जमीन बेचने के लिए मां पर हस्ताक्षर करने का बना रहे थे दबाव; इनकार करने पर वारदात को दिया अंजाम।
जमशेदपुर: जमीन विवाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी स्थित बांधडीह टोला में दो बेटों ने अपनी ही 80 वर्षीय मां की हत्या कर दी। आरोप है कि जमीन के कागजात पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने पर दोनों ने सोमवार रात मां गंगामनी महतो की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को जलाने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का खुलासा मंगलवार सुबह हुआ, जब गांव के ग्राम प्रधान को इसकी जानकारी मिली। उन्होंने बिना देर किए एमजीएम थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों बेटों की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
जमीन के कागजात पर हस्ताक्षर करने से मां कर रही थीं इनकार
पुलिस के अनुसार, गंगामनी महतो ने दो शादियां की थीं और दोनों पतियों से उनके एक-एक बेटे हैं। बताया जाता है कि वह पहले भी अपनी कई जमीनें बेच चुकी थीं। अब बची हुई जमीन पर दोनों बेटों की नजर थी। वे शेष जमीन अपने कब्जे में लेकर उसे बेचने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए उन्हें मां के हस्ताक्षर की जरूरत थी।
हालांकि, गंगामनी महतो जमीन से जुड़े कागजात पर हस्ताक्षर करने को तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर सोमवार शाम घर में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि रात में दोनों बेटों ने मिलकर अपनी मां की गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव जलाने की कोशिश
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने घटना से जुड़े साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया। हालांकि, मंगलवार सुबह ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी मिल गई और पुलिस तक मामला पहुंच गया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच कर रही है।
