53 वर्षीय मिश्री मांझी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन लगाते रहे ऑक्सीजन के लिए गुहार, मौत के बाद अस्पताल में किया हंगामा
जमशेदपुर :जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि मरीज की हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल ऑक्सीजन की जरूरत थी, लेकिन बार-बार अनुरोध करने के बावजूद समय पर इसकी व्यवस्था नहीं की गई। कुछ ही देर बाद मरीज की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
मृतक की पहचान कोवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले 53 वर्षीय मिश्री मांझी के रूप में हुई है। उनकी बेटी रूपाली मांझी ने अस्पताल प्रबंधन और वहां तैनात स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
सदर अस्पताल से MGM किए गए थे रेफर
परिजनों के मुताबिक, मिश्री मांझी लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था। स्वास्थ्य में अधिक गिरावट आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया था। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर एमजीएम पहुंचे।
ऑक्सीजन के लिए लगाते रहे गुहार, नहीं मिली तत्काल मदद
रूपाली मांझी के अनुसार, सोमवार को अस्पताल में उनके पिता के रक्त का नमूना लिया जा रहा था। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थिति को देखते हुए परिजनों ने वार्ड में मौजूद नर्स से ऑक्सीजन लगाने की अपील की।
परिजनों का आरोप है कि नर्स ने बताया कि ऑक्सीजन सिलिंडर नीचे रखा है और उसे ऊपर लाने में समय लगेगा। इस बीच मरीज की हालत और गंभीर होती गई। आरोप है कि समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कुछ देर बाद ही मिश्री मांझी की मौत हो गई।
मौत के बाद परिजनों ने उठाए सवाल
मृतक की बेटी का दावा है कि पिता की मौत के बाद नर्स ने बताया कि ऑक्सीजन सिलिंडर मरीज के बेड के पास ही मौजूद था। इस बात को लेकर परिजनों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा किया।
रूपाली ने कहा कि गरीब परिवार सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में आपात स्थिति में जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर नहीं मिलना चिंता का विषय है। परिजनों ने मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
