Tuesday, October 13

रांची/मेदिनीनगर, 11 अगस्त 2026: पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने मंगलवार को लोकसभा में नियम 377 के तहत मेदिनीनगर स्थित चियांकी हवाई अड्डे के विकास और यहां से जल्द नियमित वाणिज्यिक उड़ान सेवा शुरू किए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से एयरपोर्ट के विकास कार्यों को मिशन मोड में पूरा कराने और लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की।

सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार ने क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संशोधित उड़ान योजना के तहत नए और अनुपयोगी हवाई अड्डों के विकास का निर्णय लिया है। चियांकी हवाई अड्डे को भी इस योजना के तहत विकसित किए जाने के लिए चयनित किया गया है, लेकिन इसके बावजूद यहां से अभी तक नियमित वाणिज्यिक उड़ान सेवा शुरू नहीं हो सकी है।

50 लाख से अधिक आबादी को मिलेगा फायदा

विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू प्रमंडल के पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों की 50 लाख से अधिक आबादी को हवाई यात्रा के लिए फिलहाल रांची, गया, वाराणसी सहित दूसरे दूरस्थ हवाई अड्डों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे यात्रियों के साथ-साथ मरीजों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और सरकारी अधिकारियों को समय और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

उन्होंने लोकसभा में कहा कि चियांकी एयरपोर्ट के नियमित संचालन से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ-साथ आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगी गति

सांसद के अनुसार, चियांकी हवाई अड्डे के नियमित संचालन से पलामू टाइगर रिजर्व, बेतला राष्ट्रीय उद्यान, पलामू किला और नेतरहाट जैसे पर्यटन स्थलों को लाभ मिल सकता है। इसके अलावा कृषि, तसर, लाख, वनोपज और लघु उद्योगों के विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने एयरपोर्ट को आपदा प्रबंधन, एयर एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बताया।

रनवे से लेकर टर्मिनल तक काम जल्द पूरा करने की मांग

विष्णु दयाल राम ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से चियांकी एयरपोर्ट के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का अनुरोध किया। उन्होंने रनवे विस्तार, टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर, सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन सुविधाओं से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग की।

उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, झारखंड सरकार और संबंधित एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा लंबित स्वीकृतियों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर भी जोर दिया।

सांसद ने परियोजना की नियमित समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय निगरानी समिति गठित करने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने की मांग भी रखी।

विष्णु दयाल राम ने कहा कि चियांकी हवाई अड्डा सिर्फ पलामू संसदीय क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर-पश्चिमी झारखंड के सामाजिक, आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने केंद्र सरकार से झारखंड सरकार के साथ समन्वय कर एयरपोर्ट के विकास को जल्द पूरा कराने और क्षेत्र के लोगों को नियमित हवाई संपर्क की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

इसे भी पढ़े – नवीन जायसवाल और चंद्र प्रकाश चौधरी की संपत्ति जांच के घेरे में, उठे कई सवाल

Share.
Next Story
16वीं हॉकी इंडिया जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड की 18 सदस्यीय टीम घोषित
Exit mobile version