रांची। झारखंड में छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी को लेकर कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा ने चिंता जताई है। शुक्रवार को विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को छात्र-छात्राओं तक छात्रवृत्ति की राशि समय पर पहुंचाने के लिए भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में खास तौर पर पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के भुगतान और केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि की स्थिति पर चर्चा हुई।
केंद्र से पर्याप्त राशि नहीं मिलने पर जताई चिंता
समीक्षा बैठक में मंत्री चमरा लिण्डा ने कहा कि पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए केंद्र सरकार से अपेक्षित और पर्याप्त राशि नहीं मिलने के कारण विद्यार्थियों में असंतोष की स्थिति बन रही है। उन्होंने इस पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिलना जरूरी है।
तकनीकी दिक्कतें दूर, फिर शुरू हुई भुगतान प्रक्रिया
बैठक में विभागीय सचिव ने बताया कि छात्रवृत्ति भुगतान में SNA Sparsh प्रणाली लागू होने के बाद कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं। इस वजह से विद्यार्थियों को राशि मिलने में देरी हुई। हालांकि, अब इन समस्याओं का समाधान कर भुगतान की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है।
भुगतान में तेजी लाने के लिए सभी जिलों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने विद्यार्थियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने और भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।
बैठक में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव, आदिवासी कल्याण आयुक्त और प्रबंध निदेशक, आदिवासी सहकारी विकास निगम, रांची उपस्थित थे।
