इंटरनेट पर इन दिनों खबर चल रही है कि WhatsApp 1 अक्टूबर से मैसेज भेजने के पैसे लेने वाला है। यह जानकारी पूरी तरह गलत नहीं है, लेकिन इसका संबंध आम यूजर्स से नहीं, बल्कि कमर्शियल प्लेटफॉर्म WhatsApp Business API के बिलिंग नियमों से है। मेटा के नए प्राइसिंग डॉक्यूमेंट्स सामने आने के बाद यह चर्चा तेज हुई और लोग पूछने लगे कि क्या अब WhatsApp पर मैसेज भेजने के लिए भी भुगतान करना पड़ेगा।

आम यूजर्स पर क्या असर
आम लोगों के लिए WhatsApp हमेशा की तरह मुफ्त रहेगा। यदि आप किसी बिजनेस अकाउंट से चैट कर रहे हैं, तब भी आपको कोई शुल्क नहीं देना होगा। नया बिलिंग सिस्टम केवल बड़े कॉर्पोरेट और एंटरप्राइज स्तर के बिजनेस API अकाउंट्स पर लागू होगा।
कौन चुकाएगा मैसेज का पैसा
WhatsApp उन कंपनियों, बैंकों, ऑनलाइन शॉपिंग ऐप्स और बड़े स्टार्टअप्स से शुल्क लेगा, जो ग्राहकों को बड़े पैमाने पर ऑटोमेटेड मैसेज भेजते हैं। उदाहरण के लिए, बैंक से बैलेंस अलर्ट, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से डिलीवरी की जानकारी या किसी कंपनी से आने वाले OTP के लिए संबंधित बिजनेस भुगतान करते हैं। यह पूरा पैसा सीधे मेटा के पास जाता है।
1 अक्टूबर से क्या बदलेगा
मेटा ने 1 जुलाई 2025 से 24 घंटे के कन्वर्सेशन आधारित मॉडल को खत्म कर हर मैसेज पर शुल्क लेने की व्यवस्था शुरू कर दी थी। अब 1 अक्टूबर 2026 से सर्विस और यूटिलिटी मैसेजिंग को लेकर बड़ा बदलाव लागू हो रहा है।
कस्टमर सपोर्ट विंडो में भेजे जाने वाले यूटिलिटी मैसेज पर भी अब कंपनियों से चार्ज लिया जाएगा। अब तक ग्राहक का मैसेज आने पर 24 घंटे की विंडो में भेजे जाने वाले यूटिलिटी मैसेज मुफ्त थे। इसके अलावा कस्टमर केयर और सपोर्ट के लिए भेजे जाने वाले सर्विस मैसेजेस में हर बिजनेस फोन नंबर को महीने में 1000 मैसेज मुफ्त मिलेंगे। यह कोटा खत्म होने के बाद प्रति मैसेज शुल्क देना होगा।
कितना लगेगा चार्ज
मेटा के नियमों के तहत सबसे महंगे मार्केटिंग मैसेज होंगे। ऑफर्स, सेल और प्रमोशनल ब्रॉडकास्ट के लिए कंपनियों को लगभग 0.86 रुपये प्रति मैसेज चुकाने होंगे।
वहीं ऑर्डर स्टेटस, डिलीवरी अपडेट और लॉगइन पासवर्ड यानी OTP जैसे मैसेज के लिए लगभग 11.5 पैसे प्रति मैसेज का शुल्क लगेगा। GST जोड़ने के बाद यह कुल करीब 14 पैसे प्रति मैसेज बैठेगा। यानी 14 पैसे वाला दावा आधा सच है। यह शुल्क केवल बड़ी कंपनियों और बिजनेस API यूजर्स के लिए है, आम लोगों के लिए WhatsApp पर मैसेजिंग पहले की तरह मुफ्त बनी रहेगी।


