पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में 26 सितंबर की देर रात यौन उत्पीड़न की अफवाह के बाद छात्रों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए छात्रों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और परिसर में तोड़फोड़ के साथ कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने यौन उत्पीड़न से जुड़ी बातों को अफवाह बताया है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Reddit के जरिये पहुंचा संदिग्ध मैसेज
प्रारंभिक जांच में पुलिस को एक इंटरनेट मीडिया मैसेज मिला है, जो कथित तौर पर घटना से करीब पांच दिन पहले Reddit के माध्यम से LPU के एक गर्ल्स हॉस्टल तक पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, इस मैसेज में एक छात्रा के हॉस्टल में दुष्कर्म और दो दिन बाद उसके आत्महत्या करने की बात कही गई थी। बताया जा रहा है कि बाद में यह मैसेज पूरे कैंपस में फैल गया। छात्रों ने भी मान लिया है कि मैसेज छात्राओं के हॉस्टल से ही प्रसारित हुआ था।
मैसेज के स्रोत की तलाश
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मैसेज किसने भेजा और उसे हॉस्टल तक किस माध्यम से पहुंचाया गया। साइबर सेल मैसेज के स्रोत और संबंधित IP एड्रेस का पता लगाने की कोशिश कर रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि मैसेज कई दिन पहले सामने आने के बावजूद शनिवार रात अचानक छात्रों का गुस्सा इतना क्यों बढ़ गया।
हाईवे जाम, तोड़फोड़ और आगजनी
शनिवार देर रात बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए और राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ तथा आगजनी की घटनाएं हुईं। पुलिस की कई गाड़ियों और अन्य वाहनों को आग लगाए जाने और मारपीट की बात भी सामने आई है। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से तोड़फोड़, आगजनी और लूटपाट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
तीन छात्राओं के दो वीडियो से बढ़ा असमंजस
घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर तीन छात्राओं से जुड़े दो अलग-अलग वीडियो वायरल हो रहे हैं। पहला वीडियो LPU की रजिस्ट्रार की ओर से साझा किया गया था, जिसमें तीनों छात्राएं कथित तौर पर कहती नजर आ रही हैं कि उनके साथ कुछ नहीं हुआ। इसके बाद सामने आए दूसरे वीडियो में वही छात्राएं कथित तौर पर कह रही हैं कि उन्होंने पहला वीडियो प्रशासन के कहने पर बनाया था और उनकी इजाजत के बिना उसे शेयर किया गया। दोनों वीडियो के बाद मामले को लेकर असमंजस और बढ़ गया है।
कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस अफवाह फैलाने वाले मैसेज के स्रोत से लेकर शनिवार रात हुई हिंसा और वायरल वीडियो तक पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में लगी है।
इसे भी पढ़े – रांची में 22 से 26 अक्टूबर तक चलेगा तीरंदाजी का महाकुंभ, झारखंड पुलिस करेगी 15वीं अखिल भारतीय प्रतियोगिता की मेजबानी
