Tuesday, September 22

17 जून के अपहरण और जानलेवा हमले के मामले में मुख्य आरोपी दे रहे धमकी, घर में तोड़फोड़ के बाद स्कूटी छोड़कर फरार आरोपी

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र में 17 जून को हुए कथित अपहरण और जानलेवा हमले के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि केस दर्ज होने के बाद से मुख्य आरोपी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।

क्या है मामला

पीड़ित पक्ष के अनुसार, 17 जून की रात एक कन्वाई चालक का कथित रूप से अपहरण कर उसे कई स्थानों पर घुमाया गया। इसके बाद आरोपियों ने चापड़, लोहे के पंच और बोल्डर से उस पर हमला किया, जिससे उसकी एक आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को पहले एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।

आधी रात घर पर हमला, तोड़फोड़ और उत्पात

पीड़ित परिवार का आरोप है कि बीती आधी रात विवेक, आयुष समेत करीब दस युवक उनके घर पहुंचे और जमकर उत्पात मचाया। परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए सीसीटीवी कैमरे, घरेलू सामान और एक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी अपनी एक स्कूटी वहीं छोड़कर फरार हो गए। बाद में स्थानीय लोगों ने वह स्कूटी पुलिस के हवाले कर दी।

घटना सीसीटीवी में कैद होने का दावा

परिवार का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसे साक्ष्य के तौर पर पेश किया जा सकता है। इस बीच परसुडीह थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई सख्त कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर होने की बात कह रहा है।

परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ जल्द और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

Share.
Next Story
नामंजूर! 24 साल जेल में सड़ने के बाद भी नहीं छूटा बोकारो गैंगरेप का दोषी
Exit mobile version