पंजाब से मिली हार के बाद शानदार वापसी, उत्तर प्रदेश से होगा अगला मुकाबला
रांची/कोयंबटूर। तमिलनाडु के कोयंबटूर में 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर राष्ट्रीय पुरुष चैंपियनशिप में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। पहले मुकाबले में पंजाब से हार झेलने के बाद टीम ने दमदार वापसी करते हुए दिल्ली को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से पराजित किया।
झारखंड की टीम ने पूरे मैच के दौरान आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और अहम मौकों पर गोल दागकर जीत अपने नाम की। टीम की ओर से सबियन्न कीड़ों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए। उन्होंने पहला गोल मैच के चौथे मिनट में और दूसरा गोल 47वें मिनट में दागा। वहीं सुजीत केरकेट्टा ने 48वें मिनट में एक गोल किया, जबकि घूरन लोहरा ने 58वें मिनट में गोल कर झारखंड की जीत पर मुहर लगा दी।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड के खिलाड़ी ग्लेडशन बारला को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने पूरे मुकाबले में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
झारखंड की टीम को पहले मुकाबले में पंजाब के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन टीम ने उस हार से सीख लेते हुए दूसरे मैच में आत्मविश्वास के साथ वापसी की और दिल्ली जैसी मजबूत टीम को हराकर अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की कर ली।
अब क्वार्टर फाइनल में झारखंड का मुकाबला हॉकी उत्तर प्रदेश से होगा। टीम की शानदार लय को देखते हुए खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि झारखंड सेमीफाइनल में भी जगह बनाने में सफल रहेगा।
झारखंड टीम की इस उपलब्धि पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और पूरी टीम को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम क्वार्टर फाइनल में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखेगी और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगी।
इसे भी पढ़ें:-क्या आपको याद है..आज है नक्सलियों के शहीदी सप्ताह का आखिरी दिन..हर तरफ है शांति – Jharkhand Digital
