Tuesday, September 22

गोलगप्पे की टोकरी और चना-चूर खाने वाले कोण पर आधारित होगी थीम, 11 फीट ऊंची होगी मां दुर्गा की प्रतिमा

रांची। राजधानी रांची के हीनू स्थित शुक्ला कॉलोनी में इस वर्ष सनातन संघ दुर्गा पूजा समिति की ओर से भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। करीब 32 वर्षों से दुर्गा पूजा आयोजित कर रही समिति ने इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूजा स्थल को सड़क से हटाकर खुले स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।

समिति के अध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडाल की थीम बंगाल की लोकप्रिय खाद्य संस्कृति से प्रेरित होगी। पंडाल में गोलगप्पे की छोटी टोकरी और चना-चूर खाने वाले कोण को थीम का हिस्सा बनाया जाएगा। पंडाल की ऊंचाई करीब 45 से 55 फीट और चौड़ाई लगभग 60 फीट होगी।

11 फीट ऊंची होगी मां दुर्गा की प्रतिमा

पूजा का मुख्य आकर्षण करीब 11 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा होगी। प्रतिमा में मां दुर्गा को महिषासुर का वध करते हुए दर्शाया जाएगा। प्रतिमा के स्वरूप में शक्ति और सौम्यता का समन्वय देखने को मिलेगा।

यातायात व्यवस्था को देखते हुए बदला पूजा स्थल

समिति अध्यक्ष ने बताया कि पहले सड़क पर पूजा आयोजन होने के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ से आवागमन प्रभावित होता था। क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए इस वर्ष खुले स्थान पर पूजा आयोजित करने का फैसला लिया गया है। इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और आम लोगों को यातायात संबंधी परेशानी भी कम होगी।

भव्य विद्युत सज्जा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल परिसर में भव्य विद्युत सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोग और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं और बच्चों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।

पूजा आयोजन को सफल बनाने में अमित कुमार, उमेश शर्मा, देवेश झा, राजेश कुमार सोनू, विनय सिंह, राजीव शर्मा, अमित तिवारी, राकेश शर्मा, अनीश यादव और सिद्धार्थ झा समेत समिति के सभी सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आसपास की महिलाएं भी आयोजन में सहभागिता करेंगी।

समिति ने हीनू, शुक्ला कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं समेत रांचीवासियों से पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने का आग्रह किया है।

Share.
Next Story
झारखंड में बड़े अस्पताल और बड़ी योजनाएं, फिर 25 बच्चों को इलाज के लिए कोच्चि भेजने की नौबत क्यों?
Exit mobile version