Wednesday, September 9

रांची, 4 सितंबर 2026: झारखंड के एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। पूर्वी सिंहभूम के युवा एथलीट हिमांशु सिंह ने पंजाब के लुधियाना में आयोजित 21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए हाई जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। खास बात यह रही कि हिमांशु ने 2.09 मीटर की ऊंचाई पार कर 21 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और पंजाब एथलेटिक्स संघ की ओर से 1 से 3 सितंबर तक लुधियाना के गुरुनानक स्टेडियम में 21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इसी प्रतियोगिता में हिमांशु सिंह ने 2.09 मीटर की छलांग लगाकर नया रिकॉर्ड कायम किया।

2005 का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

हिमांशु की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि उन्होंने वर्ष 2005 में बेंगलुरु में राजेश कालीरमन्ना द्वारा बनाए गए 2.08 मीटर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। 21 साल बाद हिमांशु ने इसमें एक सेंटीमीटर का सुधार करते हुए 2.09 मीटर का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता।

हाई जंप में असम के जुबिन गोहैन ने भी 2.09 मीटर की ऊंचाई पार की और दूसरे स्थान पर रहे, जबकि तमिलनाडु के शक्तिबेल वीएन ने 2.07 मीटर के प्रदर्शन के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

दूसरे खिलाड़ियों ने भी किया शानदार प्रदर्शन

चैंपियनशिप में झारखंड के अन्य खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पूर्वी सिंहभूम की ममता मेरी मुर्मू चौथे स्थान पर रहीं।

वहीं लातेहार के जयदीप उरांव ने हैप्टाथलॉन में हिस्सा लिया। गुमला के कमलेश उरांव ने लंबी कूद में पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि गुमला के ही सुभाष उरांव 1000 मीटर दौड़ में छठे स्थान पर रहे।

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी झारखंड एथलेटिक्स संघ ने सराहनीय बताया है।

हिमांशु की उपलब्धि पर बधाइयों का सिलसिला

हिमांशु सिंह के स्वर्ण पदक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने पर राज्य के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की वित्त समिति के चेयरमैन डॉ. मधुकांत समेत झारखंड एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने हिमांशु और राज्य के अन्य खिलाड़ियों को बधाई दी।

झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे, रवींद्र मुर्मू, आशीष झा, प्रभाकर वर्मा, सिकंदर महतो, रणवीर सिंह, आलोक मिश्रा, अजय नायक, बंधन टोप्पो, शैलेश कुमार, गिरीश मिश्रा, अनवर हुसैन, प्रभात रंजन तिवारी, गंगाधर प्रसाद, अजीत कुमार, राकेश सिंह, माधव चंद्र घोष सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।

हिमांशु के कोच विनोद सिंह, योगेश यादव, आशु भाटिया, अरविंद कुमार, आलोक सिंह और अनुभा खाखा तथा टीम मैनेजर राघवेंद्र कुमार समेत अन्य लोगों ने भी उन्हें बधाई दी।

हिमांशु सिंह की यह उपलब्धि झारखंड के एथलेटिक्स के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने सिर्फ स्वर्ण पदक ही नहीं जीता, बल्कि 21 साल पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर लिया। अब 2.09 मीटर का यह प्रदर्शन उनके नाम दर्ज हो गया है।

इसे भी पढ़े – पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हुआ पंचायत मुखिया: मेडिकल जांच के बाद बोलेरो में बैठकर हुआ रफूचक्कर

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
RBI के नए नियमों ने बढ़ाई Google Pay, Paytm और PhonePe की टेंशन
Exit mobile version