Tuesday, November 24

रंगदारी, सुपारी किलिंग और गैंगवार के खिलाफ कई जिलों में कार्रवाई; राहुल दुबे, प्रिंस खान और राहुल सिंह गिरोह पुलिस के निशाने पर

रांची: झारखंड में रंगदारी, सुपारी किलिंग और गैंगवार की घटनाओं के बीच पुलिस ने संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रांची से लेकर धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग और पलामू तक पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। कई मामलों में अपराधियों का सामना पुलिस से हुआ और मुठभेड़ के दौरान गोलीबारी भी हुई। इन कार्रवाइयों में राहुल दुबे, प्रिंस खान और राहुल सिंह जैसे गिरोहों से जुड़े कथित शूटर और सदस्य पुलिस के निशाने पर रहे हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, 11 जनवरी 2025 से 30 अक्टूबर 2026 के बीच झारखंड में करीब 27 पुलिस मुठभेड़ हुईं। इनमें तीन अपराधियों की मौत हुई, जबकि 33 से अधिक घायल हुए। अलग-अलग घटनाओं में कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया।

रांची में दो दिन के भीतर दो मुठभेड़

राजधानी रांची में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में लगातार दो दिन पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। 27 अक्टूबर को विधानसभा थाना क्षेत्र के नयासराय में राहुल सिंह गिरोह के सदस्यों से पुलिस का सामना हुआ। इस दौरान शाहिद नाम का आरोपी घायल हो गया, जबकि पुलिस ने दो अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।

इसके ठीक तीन दिन बाद, 30 अक्टूबर को धुर्वा थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सीठियो में राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों के साथ मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सौरव कुमार के पैर में गोली लगी। इस कार्रवाई में गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। मौके से तीन पिस्टल, एक स्विफ्ट कार और पल्सर बाइक भी बरामद की गई।

धनबाद में रंगदारी और गैंगवार के बीच आठ मुठभेड़

कोयलांचल धनबाद में रंगदारी और गैंगवार से जुड़ी घटनाओं के कारण पुलिस को लगातार कार्रवाई करनी पड़ी है। 14 अक्टूबर 2025 से 14 अक्टूबर 2026 के बीच जिले में आठ मुठभेड़ दर्ज की गईं।

14 अक्टूबर 2026 को राम प्रताप हत्याकांड के आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इससे पहले 24 सितंबर को ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र के भूली मोड़ पर फायरिंग के बाद पुलिस की कार्रवाई में दो अपराधी घायल हुए थे और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

इसी तरह, 16 सितंबर को निरसा के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका के पास हुई मुठभेड़ में कथित शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू घायल हुआ। 17 अगस्त को निरंकारी चौक और कुरमडी चौक के बीच पुलिस की कार्रवाई में प्रिंस खान गिरोह के सदस्य इरफान आलम और नन्हे अंसारी को गोली लगी थी। वहीं, 8 मार्च को भूईंफोड़ पहाड़ की तलहटी में रंगदारी वसूलने पहुंचे कथित शूटर सुधीश ओझा के घायल होने और 16 मार्च को भागाबांध ओपी क्षेत्र में हुई पुलिस कार्रवाई की भी चर्चा रही।

जमशेदपुर में गोलीबारी और हत्याकांड के आरोपियों से सामना

जमशेदपुर में भी इस साल पुलिस को कई बार अपराधियों के साथ मुठभेड़ का सामना करना पड़ा। 7 अक्टूबर को मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडिपी रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी के मामले में कथित मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल को हथियार बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी।

इससे पहले 9 जुलाई को स्मृति पार्क क्षेत्र में राहुल हत्याकांड के आरोपी सब्बे के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। 15 जून को सिदगोड़ा में चेन स्नैचिंग के आरोपी हरपाल सिंह उर्फ गबरू भी पुलिस कार्रवाई में घायल हुआ था। वहीं, 30 जनवरी को कैरव गांधी अपहरण कांड के आरोपियों गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा हथियार बरामदगी के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई में घायल हुए थे।

हजारीबाग और रामगढ़ में भी गिरोहों पर कार्रवाई

हजारीबाग में राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह से जुड़े कथित सदस्यों के खिलाफ पुलिस ने कई अभियान चलाए। 22 अगस्त को गिद्दी थाना क्षेत्र के पास राहुल दुबे गिरोह के कथित सदस्य बादल कुमार और मोहित कुमार घायल हुए थे। वहीं, 29 अगस्त को दनुआघाटी में मुठभेड़ के दौरान एक कथित अफीम तस्कर को गोली लगी थी।

29 और 30 जुलाई को बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर चक्रवार घाटी और आसपास के जंगलों में प्रिंस खान गिरोह के कथित सदस्यों से पुलिस का सामना हुआ। इस दौरान कथित शूटर सैयद मोहम्मद जीशान घायल हुआ था।

रामगढ़ में भी पुलिस ने इन गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की। 6 अप्रैल 2026 को भुरकुंडा में राहुल दुबे गिरोह के कथित सदस्य सन्नी सिंह को घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया। मौके से दो देसी पिस्तौल और मोबाइल बरामद किए गए थे। इसके बाद 6 जुलाई को भुरकुंडा के रिवर साइड स्थित सेंट्रल स्कूल के जर्जर भवन में हुई मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह का कथित शूटर शिवराज राम उर्फ शिवा गंभीर रूप से घायल हुआ।

रामगढ़ के कुज्जू में 11 जनवरी 2025 को हुई मुठभेड़ भी चर्चा में रही थी। इस दौरान हजारीबाग के झामुमो नेता संतोष सिंह हत्याकांड के आरोपी राहुल तुरी को पुलिस ने मार गिराया था।

पलामू में अमन साहू की मौत, अन्य आरोपी भी घायल

पलामू में 11 मार्च 2025 से 6 अगस्त 2026 के बीच तीन मुठभेड़ हुईं। 11 मार्च 2025 को गैंगस्टर अमन साहू को रायपुर से झारखंड लाने के दौरान पुलिस मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी।

इसके बाद 3 अप्रैल 2026 को समीर खलीफा हत्याकांड के मुख्य आरोपी फैज खान को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। वहीं, 6 अगस्त को बजराहा-बैरिया के पास कोयल नदी किनारे हुई मुठभेड़ में कथित अपराधी सुमित चंद्रवंशी घायल हुआ था।

चतरा और जामताड़ा में भी हुई कार्रवाई

25 अगस्त 2026 को चतरा के टंडवा-पिपरवार थाना क्षेत्र के बसरिया जंगल में राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। इसमें कथित शूटर विकास कुमार घायल हुआ था। वहीं, 3 अगस्त को जामताड़ा में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी।

इन घटनाओं से साफ है कि राज्य के कई जिलों में संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। रंगदारी और गैंगवार के मामलों में पुलिस की कार्रवाई के दौरान लगातार मुठभेड़ की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

Share.
Next Story
दुमका-सिउड़ी मार्ग पर भीषण भिड़ंत, कंटेनर से टकराई स्कॉर्पियो…8 घायल, पुलिस ने जीप से पहुंचाया अस्पताल
Exit mobile version