Wednesday, September 9

राँची। भारती एयरटेल फाउंडेशन ने झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), राँची के सहयोग से जिले के सात विद्यालयों के 50 छात्र-छात्राओं के लिए झारखंड विधानसभा का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने न केवल विधानसभा भवन की गरिमामयी संरचना को करीब से देखा, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बारीकियों को भी समझा।

भ्रमण के दौरान छात्रों ने विधानसभा के मुख्य सभा कक्ष और पुस्तकालय का अवलोकन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने लोकतंत्र, विधायिका और संसदीय प्रक्रिया से जुड़े अपने जिज्ञासा भरे सवाल विधानसभा अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनका उन्हें विस्तार से जवाब मिला।

विधायी प्रक्रिया की गहराई से मिली जानकारी

अधिकारियों ने बच्चों को विधायिका के कार्यों, विधानसभा सत्रों के संचालन, लोकतंत्र में पक्ष-विपक्ष की भूमिका, नए कानून बनने की प्रक्रिया, माननीय सदस्यों द्वारा प्रश्न पूछे जाने की प्रक्रिया, मंत्रिमंडल के कार्यों तथा जनप्रतिनिधियों के नागरिक उत्तरदायित्व के विषय में विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही छात्रों ने सरकार के तीनों प्रमुख अंगों — कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका — के कार्यों और शक्तियों को भी बारीकी से समझा।

पुस्तकालय में मिला किताबों की दुनिया का अनुभव

पुस्तकालय भ्रमण के दौरान छात्रों ने विभिन्न पुस्तकों के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही उन्होंने यह भी सीखा कि एक आदर्श पुस्तकालय का प्रबंधन किस प्रकार किया जाता है और पुस्तकों का सही व सुव्यवस्थित उपयोग कैसे किया जाना चाहिए।

विद्यालयों में साझा होगा अनुभव, बाल संसद को मिलेगी मजबूती

भ्रमण के उपरांत सभी विद्यार्थी अपने-अपने विद्यालयों की मॉर्निंग असेंबली में झारखंड विधानसभा भ्रमण के अनुभव को अन्य छात्रों के साथ साझा करेंगे। इस पहल से विद्यालयों में संचालित बाल संसद, हाउस और क्लब गतिविधियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई है।

कार्यक्रम में रहे ये गणमान्य

भ्रमण में कांके ब्लॉक की नोडल अधिकारी श्रीमती मर्सी मंजुला बिलुंग सहित संबंधित विद्यालयों से आनंद मोहन, ज्योत्सना मिश्रा, कुर्बान अंसारी, दिनेश कुमार, चंचला कुमारी पाण्डेय, बरुन कुमार तथा आकाश कुमार उपस्थित रहे।

विधानसभा के प्रभारी सचिव श्री रंजीत कुमार ने बच्चों से बेहद खुलकर बातचीत की और उनके हर सवाल का धैर्यपूर्वक जवाब दिया। उनके साथ उप-सचिव श्री अनूप कुमार लाल, उप-सचिव श्री हरेन्द्र कुमार शाह, अवर-सचिव श्री रवि शंकर प्रसाद, अवर-सचिव श्री राव दीपेन्द्र कुमार यादव तथा अवर-सचिव श्री नीलेश रंजन भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे भ्रमण के दौरान महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

भारती एयरटेल फाउंडेशन, राँची की ओर से श्री दीपक कुमार अपनी टीम के साथ इस अवसर पर मौजूद रहे।

Share.
Next Story
मोराबादी में फुटबॉल का महाकुंभ: 13 सितंबर से 31वीं मोराबादी चैलेंजर ट्रॉफी की शुरुआत
Exit mobile version