रामगढ़। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी गुरुवार को पत्नी साक्षी और करीबी दोस्तों के साथ पतरातू पहुंचे. झील, पहाड़ियों और हसीन वादियों के बीच उन्होंने साक्षी का जन्मदिन मनाया. इस खास मौके पर पतरातू लेक रिजॉर्ट में कुछ घंटे बिताकर धोनी ने यहां की प्राकृतिक खूबसूरती का लुत्फ उठाया.
धोनी दोपहर करीब 3:30 बजे पतरातू लेक रिजॉर्ट पहुंचे. यहां से मोटर बोट के जरिए डैम के बीच स्थित आइलैंड पर गये. इसी खूबसूरत लोकेशन पर साक्षी का जन्मदिन सेलिब्रेट किया गया. इस दौरान धोनी के करीबी दोस्त सीमांत लोहानी उर्फ चित्तू और ‘हॉट लिप’ के संचालक रंजन कुमार भी मौजूद थे. सभी ने झील के शांत वातावरण और चारों ओर फैली पहाड़ियों के बीच यादगार पल बिताये.
शाम करीब 7:15 बजे तक धोनी पतरातू में रहे. उनके पहुंचने की खबर फैलते ही रिजॉर्ट के आसपास प्रशंसकों और स्थानीय युवाओं की भीड़ जुट गयी. अपने पसंदीदा क्रिकेटर की एक झलक पाने के लिए लोग काफी उत्साहित दिखे. धोनी ने भी प्रशंसकों को निराश नहीं किया. उन्होंने कई लोगों से मुलाकात की और उन्हें ऑटोग्राफ देकर यादगार पल का तोहफा दिया.


