झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के अवसर पर राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है. इस आयोजन में पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक खेलों को भी शामिल किया गया है. इसका उद्देश्य खेलों के माध्यम से झारखंड की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाना और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना है. आयोजन में गुलेल, मटका दौड़, गेड़ी दौड़ और भागा दौड़ जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र बन रही हैं. वहीं फुटबॉल, तीरंदाजी, वॉलीबॉल और हॉकी जैसी आधुनिक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं. इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिल रहा है.
पारंपरिक खेलों से जुड़ेंगे युवा
झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक परंपराओं और पारंपरिक खेलों से जुड़ी रही है. गेड़ी दौड़ और मटका दौड़ जैसे खेल ग्रामीण जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं. समय के साथ नई पीढ़ी इन पारंपरिक खेलों से दूर होती जा रही है. ऐसे में स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान इन खेलों को शामिल करने का उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और पारंपरिक खेलों का संरक्षण करना है.
युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना प्राथमिकताः शिवेंद्र कुमार
झारखंड ने तीरंदाजी, हॉकी और फुटबॉल जैसे खेलों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनायी है. खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है. जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्न कुमार ने बताया कि खेल पखवाड़ा का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि राज्य की पारंपरिक खेल संस्कृति को संरक्षित करना और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना भी है. खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है. उन्होंने कहा कि पारंपरिक और आधुनिक खेलों का यह संगम झारखंड की खेल संस्कृति की विविधता को प्रदर्शित करेगा. साथ ही खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करायेगा.


