प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर उनके गृहनगर वडनगर से एक भावुक संदेश सामने आया है। पीएम मोदी के बचपन के मित्र शामलदास मोदी ने उन्हें पत्र लिखकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पत्र में उन्होंने अपनी और नरेंद्र मोदी की दोस्ती की तुलना भगवान कृष्ण और सुदामा की मित्रता से की और बचपन की कई यादों को साझा किया।
शामलदास मोदी ने पत्र में लिखा कि नरेंद्र भाई बचपन से ही दृढ़ संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति वाले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य परिवार से निकलकर नरेंद्र मोदी ने जिस तरह देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाई, उसके पीछे उनकी मेहनत, सेवा भावना और बचपन से दिखाई देने वाला दृढ़ स्वभाव महत्वपूर्ण रहा है।
बचपन की यादों को किया साझा
बचपन के दिनों को याद करते हुए शामलदास ने बताया कि दोनों ने वडनगर की धरती पर साथ समय बिताया, खेलते हुए बड़े हुए और बचपन की कई यादें साझा कीं। उन्होंने प्रधानमंत्री की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि वर्षों बाद भी दोस्ती और आत्मीयता की भावना उनके मन में कायम है।
पत्र में शामलदास मोदी ने वडनगर के आराध्य देव भगवान हाटकेश्वर महादेव से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री को देशसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की शक्ति मिलती रहे।
वडनगर के विकास का भी किया जिक्र
शामलदास ने पत्र में वडनगर के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस वडनगर में दोनों ने अपना बचपन बिताया, उसे आज पर्यटन और सांस्कृतिक क्षेत्र में नई पहचान मिली है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
पत्र लिखने के बाद अब शामलदास मोदी अपने बचपन के मित्र और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। वडनगर में यह भावुक पत्र चर्चा का विषय बना हुआ है।
इसे भी पढ़े: झारखंड में अब एक कॉल पर मिलेगा ब्लड, 4 घंटे में मरीज तक पहुंचाने की तैयारी



