निमियाघाट के लक्ष्मण मोड़ के पास देर रात हुआ हादसा, मधुपुर से बिहार जा रहा था हाईवा; ग्रामीणों ने चालक के नशे में होने की जताई आशंका
गिरिडीह। डुमरी के निमियाघाट थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मण मोड़ के पास गुरुवार देर रात छरी लदा एक हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि हाईवा की चपेट में आने से सड़क किनारे लगे कई खंभे, बिजली के पोल और डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाईवा (BR 27 GB 0037) मधुपुर से छरी लोड कर बिहार की ओर जा रहा था। इसी दौरान लक्ष्मण मोड़ के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते हाईवा डिवाइडर से टकरा गया और सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के कारण सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, चालक के शराब के नशे में होने की आशंका है। हालांकि, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही निमियाघाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को हटवाने के साथ सड़क पर बाधित यातायात को सामान्य कराया। हादसे में सड़क किनारे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि रात का समय होने के कारण कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया।
