Saturday, November 21

फरवरी में चुनाव होने की संभावना, प्रारंभिक तैयारियों का आकलन कर रहा निर्वाचन विभाग

रांची। गिरिडीह विधानसभा सीट पर प्रस्तावित उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी बढ़ने लगी है। भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से उपचुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी है। इसमें चुनाव की प्रारंभिक तैयारियों के साथ-साथ सुरक्षा बलों की उपलब्धता और तैनाती से संबंधित ब्यौरा भी शामिल है। माना जा रहा है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फरवरी 2027 में उपचुनाव कराया जा सकता है।

निर्वाचन आयोग ने तैयारियों का मांगा पूरा ब्योरा

देश के विभिन्न राज्यों की तीन विधानसभा सीटों और जम्मू-कश्मीर की एक संसदीय सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। इसी क्रम में झारखंड की गिरिडीह विधानसभा सीट के लिए भी चुनावी तैयारियों की जानकारी मांगी गई है। फिलहाल निर्वाचन विभाग आवश्यक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन कर रहा है।

6 मार्च 2027 से पहले कराना होगा चुनाव

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, उपचुनाव की तिथि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित की जाएगी। फिलहाल चुनाव से जुड़ी प्रारंभिक तैयारियां की जा रही हैं। नियमों के अनुसार, विधायक की मृत्यु के बाद रिक्त हुई सीट पर छह महीने के भीतर उपचुनाव कराया जाना है। ऐसे में गिरिडीह सीट पर 6 मार्च 2027 से पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन से रिक्त हुई सीट

गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के विधायक और झारखंड सरकार में मंत्री रहे सुदिव्य कुमार के 6 सितंबर को निधन के बाद यह सीट खाली हुई है। उनके निधन के बाद यहां उपचुनाव होना तय है। राजनीतिक लिहाज से गिरिडीह सीट काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऐसे में उपचुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

लगातार दो चुनाव जीतकर बनाई थी मजबूत राजनीतिक पकड़

सुदिव्य कुमार ने 2009 और 2014 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना किया था। हालांकि, इसके बाद उन्होंने वापसी करते हुए 2019 के चुनाव में भाजपा के निर्भय कुमार शाहाबादी को पराजित किया। इस चुनाव में सुदिव्य कुमार को 80,871 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 64,987 वोट प्राप्त हुए थे।

इसके बाद 2024 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने अपनी जीत बरकरार रखी। इस बार उन्हें 94,042 वोट मिले, जबकि भाजपा के निर्भय कुमार शाहाबादी को 90,204 वोट प्राप्त हुए। लगातार दो चुनावों में जीत के बाद सुदिव्य कुमार ने गिरिडीह में अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई थी। बाद में उन्हें हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी मिली।

अब उनके निधन से खाली हुई इस सीट पर होने वाला उपचुनाव राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन सकता है। निर्वाचन आयोग की तैयारियों के बीच अब सभी की नजरें चुनाव की आधिकारिक तारीख की घोषणा पर टिकी हैं।

Share.
Next Story
झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की दूसरे दिन भी जारी हड़ताल , मंत्री इरफान अंसारी बोले-आंदोलन के नाम पर ब्लैकमेलिंग बर्दाश्त नहीं
Exit mobile version