रांची: गणेश चतुर्थी को लेकर रांची में तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व के दौरान पूजा और विसर्जन की व्यवस्था को लेकर अलग-अलग गणेश पूजा समितियों के सदस्यों ने जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की। समितियों ने त्योहार के दौरान जरूरी प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सहयोग की मांग रखी, जिस पर जिला प्रशासन ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
बैठक में प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को साफ तौर पर कहा गया कि त्योहार का आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में हो, इसके लिए समितियां पुलिस और प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें।
विसर्जन के दौरान थाना से संपर्क रखना होगा
गणेश चतुर्थी के बाद मूर्ति विसर्जन को लेकर भी प्रशासन ने पूजा समितियों को निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने संबंधित थाना के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा है, ताकि विसर्जन की प्रक्रिया सुरक्षित और सुचारू तरीके से पूरी हो सके।
इसके साथ ही विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
लाउडस्पीकर और ध्वनि प्रदूषण पर भी नजर
त्योहार के दौरान ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी पूजा समितियों को निर्धारित मानकों और नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन का जोर इस बात पर है कि पूजा और विसर्जन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और आम लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
प्रशासन ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि गणेश चतुर्थी के सफल आयोजन में पूजा समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी समितियों से प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर तालमेल बनाकर पर्व मनाने की अपील की।
उन्होंने पूजा समितियों और आम नागरिकों से मिल-जुलकर गणेश चतुर्थी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
इस दौरान पूजा समितियों की ओर से जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मौके पर शांति समिति के सदस्य सागर कुमार भी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – जाने कहां गए वो दिन …….रेट्रो फीवर
