Tuesday, September 22

बोकारो। बोकारो जिले में आयुष चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को समाहरणालय में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में चल रही आयुष सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

एक माह में शुरू होगा पंचकर्म भवन का संचालन

बैठक में पंचकर्म भवन के संचालन को लेकर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने जिला आयुष पदाधिकारी को पीपीपी मोड के माध्यम से पंचकर्म भवन शुरू करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। प्रस्ताव उप विकास आयुक्त के माध्यम से तैयार कर समर्पित किया जाएगा।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को एक माह के भीतर पंचकर्म भवन का संचालन शुरू करने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बर्न यूनिट और योग केंद्रों पर भी फोकस

सिविल सर्जन को बर्न यूनिट का संचालन शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, जिले में संचालित योग केंद्रों की गतिविधियों को भी नियमित रूप से सामने लाने पर जोर दिया गया।

जिला आयुष पदाधिकारी को योग केंद्रों की गतिविधियों की लाइव तस्वीरें नियमित रूप से उपलब्ध कराने और उन्हें पीआरडी के साथ साझा करने का निर्देश दिया गया।

हेल्थ कॉटेज के लिए दो एकड़ जमीन होगी चिह्नित

आयुष से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं को विस्तार देने के लिए हेल्थ कॉटेज निर्माण की तैयारी भी की जा रही है। इसके लिए दो एकड़ भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि जमीन का चयन ऐसे स्थान पर किया जाए, जहां लोगों के लिए पहुंच आसान हो और सड़क संपर्क बेहतर हो।

10 बेडेड महर्षि चरक अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा

बैठक में 10 बेडेड महर्षि चरक अस्पताल के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अस्पताल में सुरक्षा गार्ड की तैनाती आउटसोर्सिंग व्यवस्था के माध्यम से करने को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया गया।

हर प्रखंड में होंगे स्वास्थ्य शिविर

आयुष सेवाओं को गांव और प्रखंड स्तर तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने प्रत्येक प्रखंड में वायो मित्र से संबंधित गतिविधियों को संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों तक आयुष सेवाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।

इसके अलावा प्रत्येक माह के तीसरे सप्ताह में हर आयुष्मान आरोग्य मंदिर में वृद्धजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा गया।

ऑस्टियोआर्थराइटिस और अन्य मस्कुलोस्केलेटल डिसऑर्डर की रोकथाम एवं प्रबंधन से जुड़े राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत भी प्रत्येक प्रखंड में हर माह एक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं, जिले में पहले से चिह्नित आयुष ग्राम में भी हर महीने एक शिविर लगाने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन शिविरों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को आयुष चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, सिविल सर्जन डॉ. एबी प्रसाद, जिला आयुष पदाधिकारी डॉ. शिव शंकर पांडेय, कार्यपालक अभियंता चास अनुज कुमार, जिला पर्यटन पदाधिकारी हेमलता बून, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े – झारखंड में आयुर्वेद को विस्तार देने की तैयारी, आयुष मेडिकल कॉलेज के लिए 900 करोड़ की परियोजना रिपोर्ट

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
तेज रफ्तार कार ने 21 साल के दीपक को कुचला, मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग
Exit mobile version