Wednesday, September 23

सितंबर के आखिरी हफ्ते में बैंक से जुड़े काम अटक सकते हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल और उससे पहले चौथे शनिवार व रविवार की छुट्टी के कारण 26 से 30 सितंबर तक देश के कई हिस्सों में लगातार पांच दिन बैंक शाखाएं बंद रह सकती हैं। एसबीआई ने ग्राहकों को जरूरी काम 25 सितंबर तक निपटाने की सलाह दी है।

क्यों बंद रहेंगे बैंक?

बैंकों के बंद रहने की मुख्य वजह यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल है। संगठन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर 2026 तक हड़ताल का प्रस्ताव रखा है।

मुश्किल यह है कि हड़ताल से ठीक पहले दो दिन साप्ताहिक अवकाश पड़ रहे हैं। 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार है और 27 सितंबर को रविवार, इसलिए इन दोनों दिन बैंकों में पहले से छुट्टी रहेगी। इसके बाद सोमवार, 28 सितंबर से बुधवार, 30 सितंबर तक हड़ताल चलेगी। इस तरह शनिवार से बुधवार तक लगातार पांच दिन शाखाओं के शटर बंद रह सकते हैं।

SBI की सलाह

एसबीआई ने कहा है कि हड़ताल के दौरान आवश्यक बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चालू रखने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। फिर भी बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे हड़ताल की तारीखों का इंतजार न करें। चेक क्लीयरेंस, पासबुक अपडेट, ड्राफ्ट बनवाने, लोन डॉक्युमेंटेशन और लॉकर से जुड़े सभी जरूरी काम 25 सितंबर 2026 तक हर हाल में निपटा लें।

शाखाएं बंद, पर ये सेवाएं रहेंगी चालू

एसबीआई ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान उसके डिजिटल और वैकल्पिक चैनल पूरी तरह सक्रिय रहेंगे।

  • एटीएम: नकदी की जरूरत के लिए ग्राहक नजदीकी एटीएम या ऑटोमैटिक डिपॉजिट कम विड्रॉल मशीनों (ADWM) का उपयोग कर सकते हैं।
  • डिजिटल बैंकिंग: पैसे भेजने या बिल भुगतान के लिए इंटरनेट बैंकिंग, योनो (YONO) ऐप, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
  • ग्राहक सेवा केंद्र: ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों के ग्राहक बुनियादी बैंकिंग जरूरतों के लिए एसबीआई के अधिकृत ग्राहक सेवा केंद्रों (CSP) की मदद ले सकते हैं।

बैंक ने ग्राहकों से कहा है कि अगर कोई बड़ा या जरूरी लेनदेन अटका हुआ है, तो उसे बिना देरी के पहले ही निपटा लें, ताकि ऐन वक्त पर किसी बड़ी परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसे भी पढ़े – सही तिथि से विधि तक: अनंत चतुर्दशी पर ऐसे करें गणपति की विदाई

Share.
Next Story
रजनीकांत की ‘जेलर 2’ में विद्या बालन की एंट्री, टीजर में दिखा रहस्यमय ‘कांथा’ का अंदाज
Exit mobile version