Tuesday, October 13

मेदिनीनगर (पलामू): महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर पलामू में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सोमवार को मेदिनीनगर स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व से सवाल किए और मणिपुर के इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस अपने सांसद से जुड़े गंभीर आरोपों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर रही है।

कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर उठाए सवाल

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रीना किशोर ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के पूर्व प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अकोइजम पर छात्राओं की ओर से यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। ऐसे गंभीर मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर उन्होंने सवाल उठाए।

रीना किशोर ने कहा कि कांग्रेस को इन आरोपों पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इस्तीफे की मांग, चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष और कार्यक्रम प्रभारी रूपा सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर संगठन चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने घोषणा की कि सांसद के इस्तीफे की मांग को लेकर आने वाले दिनों में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

प्रदेश प्रवक्ता लवली गुप्ता ने भी कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के अन्य नेता महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, लेकिन ऐसे मामलों में पार्टी का रुख भी स्पष्ट होना चाहिए।

पूर्व विधायक पुष्पा देवी ने आरोप लगाया कि गंभीर आरोपों के बावजूद कांग्रेस की ओर से अपेक्षित राजनीतिक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने पार्टी से सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी कांग्रेस को घेरा

भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े गंभीर आरोपों पर राजनीतिक दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर केवल बयानबाजी करने का आरोप लगाया।

गौरतलब है कि अकोइजम को छात्राओं से जुड़ी शिकायतों की आंतरिक जांच के बाद 9 अक्टूबर को JNU ने सेवा से बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद 11 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मामले में पुलिस जांच जारी है। अकोइजम ने विश्वविद्यालय की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।

बताते चले कि जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के चीफ सिक्योरिटी आफिसर की शिकायत पर 11 अक्टूबर को वसंत कुंज नार्थ थाना पुलिस ने कांग्रेस के लोकसभा सांसद व जेएनयू प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में एफआइआर दर्ज की है।

पुलिस ने बीएनएस की धारा 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, जेएनयू में प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल आकोइजाम की बर्खास्तगी को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षक संघ के बीच विवाद गहरा गया है।

प्रदर्शन में भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कांग्रेस जिला कार्यालय के घेराव-प्रदर्शन में सुजाता सिंह, पिंकी विश्वकर्मा, रेणु देवी, शोभा देवी, मंजू गुप्ता, सुमिता सिंह, प्रिया श्रीवास्तव, ललिता सहाय, संतोषी देवी, रमणी देवी, रूप रोशन देवी, पुष्पा कुमारी, डॉली कुमारी और उषा मखड़िया समेत महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ता शामिल हुईं।

इसके अलावा भाजपा के नरेंद्र पांडे, कृष्लय तिवारी, अविनाश वर्मा, दुर्गा जौहरी, शिवकुमार मिश्रा, अजय सिंह, शुभम प्रसाद, जितेंद्र तिवारी, सरवन गुप्ता, राजेश सिंह, विजय कुशवाहा, महादेव यादव, सिकंदर चौधरी और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के जरिए भाजपा महिला मोर्चा ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा और मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

इसे भी पढ़े – नुकीली कीलों की सेज पर नौ दिन पेट पर कलश रख करेंगी मां दुर्गा की आराधना…रामगढ़ की रूपा देवी का संकल्प चर्चा में

Share.
Next Story
JPSC परीक्षा रद्द होगी या नहीं? झारखंड हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित, प्रश्नपत्र लीक के आरोपों पर हुई सुनवाई
Exit mobile version