पलामू: झारखंड के पलामू में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महुरांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 443 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से गांजा तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, तस्करों ने गांजे को पकड़ में आने से बचाने के लिए आइसर ट्रक में नारियल पानी यानी डाब के बीच छिपाकर रखा था। ट्रक में गांजा 16 प्लास्टिक के बोरों में रखा गया था। इन बोरों के अंदर गांजे के 424 छोटे-छोटे पैकेट बनाए गए थे।
गांजा उतारते ही पुलिस ने दबोचा
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महुरांव में कार्रवाई की। इसी दौरान ट्रक से गांजा उतार रहे जमशेद आलम और अली रजा को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक से करीब 443 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
पलामू से बिहार और ओडिशा तक जुड़े तस्करी के तार
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं। शुरुआती जांच में पलामू के अलावा बिहार के औरंगाबाद और ओडिशा तक गांजा तस्करी के तार जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
डाब के बीच गांजा छिपाकर पुलिस को चकमा देने की तस्करों की कोशिश नाकाम रही और 443 किलो गांजे के साथ दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
इसे भी पढ़े – राष्ट्रीय खेल दिवस पर मोराबादी में दिखा खेलों का जोश, संजय सेठ ने युवा खिलाड़ियों से किया संवाद
