मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन का नाम इन दिनों उनकी फिल्मों से ज्यादा एक राखी विज्ञापन को लेकर सुर्खियों में है। एक मशहूर ज्वैलरी कंपनी के लिए बनाए गए इस रक्षाबंधन स्पेशल ऐड में कृति व्हाइट कलर की ब्रालेट पहने नजर आई थीं, जिसमें वह विज्ञापन में मौजूद भाई और एक पालतू डॉग को राखी बांधती दिखीं। इस दौरान एक्ट्रेस के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं और देखते ही देखते यह मामला बड़े विवाद में तब्दील हो गया।
कंगना समेत कई हस्तियों ने की आलोचना
विवाद बढ़ने के साथ ही कंगना रनौत सहित कई हस्तियों ने भी इस विज्ञापन को लेकर कृति सेनन की आलोचना की और इसे अनुचित बताया। सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ते दबाव और आलोचना के बीच अंततः कंपनी को इस पर एक्शन लेना पड़ा।
कंपनी ने वापस लिया विज्ञापन, जारी की सफाई
बुधवार, 26 अगस्त को उस कंपनी ने विवाद को देखते हुए कृति सेनन वाले इस विज्ञापन को यूट्यूब सहित सभी प्लेटफॉर्म से हटा दिया। समाचार एजेंसी एएनआई ने अपने एक्स हैंडल पर इस बारे में जानकारी दी। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि उसके मन में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति गहरा सम्मान है और वह हमेशा पूरे परिवार के साथ खुशी के पलों को मनाने में विश्वास रखती है। कंपनी ने आगे कहा कि इस बार वे अपने पालतू जानवरों के लिए प्यार और उत्सव को भी शामिल करना चाहते थे। कंपनी ने स्पष्ट किया कि अगर उनके हालिया विज्ञापन ने अनजाने में समाज के किसी वर्ग की भावनाओं को आहत किया है, तो उनका ऐसा इरादा बिल्कुल नहीं था, और सम्मान स्वरूप उन्होंने विज्ञापन को सभी मीडिया से वापस ले लिया है।
कृति सेनन ने भी दिया जवाब
इस पूरे विवाद पर कृति सेनन ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी। एक्ट्रेस ने अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि महिलाओं को यह न बताया जाए कि उन्हें क्या पहनना चाहिए और क्या नहीं, और किसी भी त्योहार, रीति-रिवाज या परंपरा का कपड़ों से कोई सीधा संबंध नहीं होता।
