Tuesday, November 3

वेटलिफ्टिंग में आदित्य राज गुप्ता ने जीता स्वर्ण, बॉक्सिंग में आयुष भगत को कांस्य; कबड्डी टीम ने रजत पदक के साथ हासिल किया दूसरा स्थान

रांची। नई दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में डीएवी आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल, हेहल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ झारखंड का नाम रोशन किया है। देशभर के खिलाड़ियों के बीच हुई इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विद्यालय के 16 खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई, जिनमें से 9 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में वेटलिफ्टिंग में आदित्य राज गुप्ता ने अंडर-14 के 98 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, बॉक्सिंग में आयुष भगत ने अंडर-14 वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

कबड्डी में भी विद्यालय की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और खेल भावना का परिचय देते हुए पंजाब और छत्तीसगढ़ की टीमों को हराकर अंडर-14 वर्ग में फाइनल तक का सफर तय किया। टीम ने प्रतियोगिता में उपविजेता रहते हुए रजत पदक अपने नाम किया। कबड्डी टीम के पदक विजेता खिलाड़ियों में रौनक कुमार, आशीष कुमार, रौशन, आकाश टोप्पो, सत्यजीत, कुणाल और निशांत शामिल हैं।

विद्यालय लौटने पर खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर विद्यालय लौटने पर सभी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्या डॉ. रेशू चौधरी ने खिलाड़ियों को पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रधानाचार्या डॉ. रेशू चौधरी ने कहा कि यह विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। खिलाड़ियों की इस सफलता में विद्यालय के खेल शिक्षक सुशील कुमार, पंकज और खेल शिक्षिका नेहा लकड़ा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और मेहनत से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और खेल शिक्षकों को बधाई दी।

Share.
Next Story
रांची की महिलाएं गोबर से गढ़ रहीं आत्मनिर्भरता की नई कहानी…
Exit mobile version