Monday, November 2

अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में हुई शिष्टाचार मुलाकात, एसोसिएशन के गठन और कार्यों की दी जानकारी; विधानसभा अध्यक्ष ने साझा किए अपने विधायक जीवन के अनुभव

रांची। झारखंड पीए-पीएस एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला के नेतृत्व में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और एसोसिएशन का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही एसोसिएशन के गठन, उद्देश्य और कार्यों की जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि झारखंड के सभी विधायकों, मंत्रियों और सांसदों के निजी सहायकों (पीए) एवं आप्त सचिवों (पीएस) को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से एसोसिएशन का गठन किया गया है। इस कॉमन प्लेटफॉर्म से जनप्रतिनिधियों से जुड़े विधायी कार्यों और सदन की कार्यवाही से संबंधित जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले निजी सहायक एवं आप्त सचिव जुड़े हुए हैं।

इस मुलाकात के दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने संगठन की गतिविधियों और इसके उद्देश्यों से भी विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस मंच के माध्यम से जनप्रतिनिधियों के कार्यालयों में कार्यरत पीए और पीएस के बीच आपसी समन्वय और संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने प्रतिनिधिमंडल को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने विधायक जीवन से जुड़े विभिन्न अनुभव भी एसोसिएशन के सदस्यों के साथ साझा किए। मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला, उपाध्यक्ष विजय श्री, महासचिव पवन कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार गुप्ता, सचिव दिनेश चंद्र प्रमाणिक, निर्भय कुमार, आलोक कुमार झा, संयुक्त सचिव समीर महतो तथा सदस्य मनीष कुमार, कैलाश प्रसाद, इस्तेयाक आलम और आदित्य राज गोल्डी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Share.
Next Story
बड़कागांव में NTPC पर सरकारी पानी का टावर उड़ाने का आरोप…मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने 25 करोड़ के नुकसान का किया दावा
Exit mobile version