रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित उर्दू अखबार ‘अखबार-ए-मशरीक’ के कार्यालय में छापेमारी शुरू कर दी। मॉरिश के सामने स्थित कार्यालय में ED की टीम दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, ED ने सोमवार सुबह एक साथ दिल्ली, कोलकाता और रांची में कुल 7 ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की है। बताया जा रहा है कि यह छापेमारी TMC के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर भी की जा रही है।
कथित कंटेंट और वित्तीय लेनदेन से जुड़ा मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ED की यह कार्रवाई सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले कंटेंट के कथित प्रकाशन, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और संदिग्ध सौदों के जरिए फंडिंग से जुड़ी शिकायतों के सिलसिले में की जा रही है।
इसी मामले को लेकर रांची के कोकर स्थित ‘अखबार-ए-मशरीक’ के कार्यालय में ED की टीम पहुंची है। टीम कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड को खंगाल रही है।
फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और छापेमारी से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
इसे भी पढ़े – JHARKHAND DIGITAL EXCLUSIVE: बुंडू के बालूचोर, DMO साहब…क्या नदी के नीचे है पूरा स्टाॅकयार्ड जिसे निकाल रहे बालूचोर ?
