Wednesday, November 4

राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 29 अक्टूबर से शुरू हुए जैसोवा दीपावली मेले का आज 3 नवंबर को समापन हो गया। 6 दिनों तक चले इस मेले में झारखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों से आए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे ।मेले में दीपावली से जुड़ी सजावटी सामग्रियों, हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और घरेलू उपयोग की कई अनूठी चीजों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। रांची समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने न सिर्फ जमकर खरीदारी की, बल्कि अलग-अलग राज्यों की कला, संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय उत्पादों को करीब से जाना और समझा।

मेले के समापन पर जैसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमार ने कहा कि रांचीवासियों के प्यार, सहयोग और स्नेह की वजह से इस बार का मेला सफल रहा। उन्होंने बताया कि मेले में सभी स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। खास तौर पर गोबर से बने दीयों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया गया। वहीं, शुरुआती दिनों में मौसम खराब होने के कारण थोड़ी परेशानी हुई, जिसके चलते मेले की अवधि एक दिन बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

वहीं, समिति की सचिव मनु झा ने कहा कि जैसोवा दीपावली मेला अपने 26वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। हर साल मेले को पहले से बेहतर और आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि खराब मौसम को देखते हुए स्टॉल संचालकों और ग्राहकों के हित में मेले को एक दिन के लिए विस्तारित किया गया, ताकि दूर-दराज से आए दुकानदार अपने उत्पादों की बेहतर बिक्री कर सकें। उन्होंने कहा कि हर साल की तरह आने साल भी लोग इस मेले का आनंद ले सकेंगे।

Share.
Next Story
अलप्संख्यक समाज को बस वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर रही झारखण्ड सरकार : कुंवर बासित अली
Exit mobile version