चांडिल/सरायकेला-खरसावां: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को परिजनों के साथ चांडिल डैम पहुंचे। डैम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण देखकर मुख्यमंत्री अभिभूत नजर आए। इस दौरान उन्होंने चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही सरायकेला-खरसावां के डीसी को पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया।
धातकीडीह जाने के क्रम में मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ डैम के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने पर्यटन संवर्धन, जल प्रबंधन, चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने और बिजली उत्पादन एवं संवर्धन से जुड़े पहलुओं पर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
पर्यटन से स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और बोटिंग व्यवस्था को बेहतर और आधुनिक बनाने का निर्देश दिया। उनका कहना था कि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने डैम और आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पर्यावरण अनुकूल दीर्घकालिक योजना तैयार करने को कहा, ताकि प्राकृतिक सुंदरता को नुकसान पहुंचाए बिना इस क्षेत्र को बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
इस मौके पर मुख्यमंत्री की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता समेत जिला प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे।
