जामताड़ा: साइबर अपराध के लिए चर्चा में रहने वाले जामताड़ा में पुलिस ने ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नारायणपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा। इनके पास से 11 मोबाइल फोन और 15 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बैंक केवाईसी अपडेट और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी सेवाओं के नाम पर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाकर उनकी गोपनीय जानकारी हासिल करते और साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
SP शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र में दो जगहों पर कार्रवाई की।
दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी, चार गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, पहली छापेमारी ग्राम पतरोडीह में सड़क से करीब 200 मीटर पश्चिम स्थित झाड़ीनुमा जगह पर की गई। यहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई पबिया से चिरूडीह जाने वाली सड़क से करीब 100 मीटर दक्षिण क्रेसर के पास स्थित परती जमीन पर हुई। यहां से भी दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलबहार अंसारी (25), पिता सुलतान मियां, सहबाज अंसारी (23), पिता रज्जाक मियां, दोनों ग्राम पतरोडीह निवासी; चन्द्र प्रकाश दास (36), पिता शिवरात्रि दास, ग्राम लोकानियां और आनंद दास (42), पिता लखी दास, ग्राम मोहलीडीह के रूप में हुई है। सभी नारायणपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 70/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बैंक केवाईसी और क्रेडिट कार्ड के नाम पर बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को पंजाब नेशनल बैंक (PNB) का केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर फोन करते थे। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया क्रेडिट कार्ड जारी कराने का झांसा देकर भी लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। यूको बैंक (UCO Bank) के केवाईसी अपडेट के नाम पर भी ठगी की जाती थी।
आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान लोगों को मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा जाता था। इस फाइल के जरिए मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के अलग-अलग राज्यों तक फैला हुआ था।
अनजान कॉल और APK फाइल से रहें सावधान
इस कार्रवाई के बाद जामताड़ा पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि अनजान नंबर से आने वाले बैंक केवाईसी या क्रेडिट कार्ड अपडेट संबंधी कॉल पर भरोसा न करें। किसी के कहने पर मोबाइल में अनजान APK फाइल डाउनलोड न करें और न ही बैंकिंग या निजी जानकारी साझा करें।
अगर कोई साइबर ठगी का शिकार होता है, तो बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस की इस कार्रवाई में चार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 11 मोबाइल फोन और 15 सिम कार्ड की बरामदगी हुई है। अब पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
