Tuesday, November 3

बोकारो: बोकारो के डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजय नाथ झा ने सोमवार को कसमार प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान वे मतदाताओं के घर पहुंचे, विद्यार्थियों से संवाद किया और स्कूल की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अलावा प्रखंड के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं की समीक्षा की और मनरेगा पार्क में खेती-किसानी की गतिविधियां देखीं।

घर-घर पहुंचकर SIR की समीक्षा, 56 फॉर्म-6 भरे गए

गोमिया विधानसभा क्षेत्र के कसमार में डीसी ने मतदान केंद्र संख्या 317 के अंतर्गत छह घरों में जाकर मतदाताओं और उनके परिवारों से बातचीत की। उन्होंने परिवार के नए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने की स्थिति जानी। संबंधित बीएलओ ने बताया कि 56 नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरे गए हैं।

डीसी ने अधिकारियों और कर्मियों को SIR-2026 के तहत पारदर्शिता और शुद्धता के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।

विद्यार्थियों से संवाद, 18 साल पूरे करने वालों का बनेगा वोटर कार्ड

पीएम श्री एसएस प्लस टू हाई स्कूल में डीसी ने विद्यार्थियों को संविधान, लोकतंत्र और मतदान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है।

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों का फॉर्म-6 भरवाने के लिए उन्होंने प्राचार्य को बीएलओ के सहयोग से स्कूल में विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया। साथ ही, ECI Net एप के जरिए भी पंजीकरण के लिए प्रेरित किया। अपने स्कूली जीवन का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, अनुशासन और मेहनत का संदेश दिया।

अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई, स्कूल की सुविधाएं सुधारने के निर्देश

स्कूल के औचक निरीक्षण में डीसी ने शिक्षकों की उपस्थिति और शैक्षणिक व्यवस्था की जांच की। अनुपस्थित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगने और उनका एक दिन का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया। अतिरिक्त शौचालय और चहारदीवारी की जरूरत पर उन्होंने मौके से ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को फोन कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

शिक्षकों को सलाह दी कि वे प्रतिदिन पढ़ाई शुरू करने से पहले पांच मिनट देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर विद्यार्थियों से चर्चा करें। इससे बच्चों का सामान्य ज्ञान बढ़ेगा और उनमें सवाल पूछने तथा अपनी बात रखने का आत्मविश्वास विकसित होगा।

प्रखंड में विकास योजनाओं को गति देने पर जोर

प्रखंड सह अंचल कार्यालय में डीसी ने प्रखंड प्रमुख, पंचायत समिति सदस्यों, बीडीओ और सीओ के साथ बैठक की। उन्होंने BDO को प्रखंड प्रमुख के साथ समन्वय बनाकर हर महीने कम से कम दो बैठकें करने को कहा। बैठकों में क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने जिले के सभी प्रखंड प्रमुखों और बीडीओ की संयुक्त बैठक आयोजित करने की बात भी कही। कसमार की प्राकृतिक और पर्यटन संभावनाओं का उल्लेख करते हुए क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया।

मनरेगा पार्क में खेती का जायजा, सिद्ध पीठ मंदिर में की पूजा

फार्मटांड स्थित मनरेगा पार्क में डीसी ने आजीविका से जुड़ी महिलाओं और पंचायत की मुखिया से बातचीत कर योजनाओं की प्रगति जानी। उन्होंने आम बागवानी, मड़ुआ और अन्य फसलों की खेती का भी निरीक्षण किया।

दौरे के दौरान उन्होंने वर्ष 1890 में स्थापित कसमार के ऐतिहासिक सिद्ध पीठ मंदिर में पूजा-अर्चना कर जिले और राज्य के लोगों की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। वहीं, कसमार चौक की मिठाई दुकान के संचालक गोपी कृष्ण जायसवाल और कुणाल जायसवाल से मिलकर उनका कुशलक्षेम भी जाना। दुकानदारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हालिया आगमन के बाद दुकान पर बढ़े ग्राहकों और पहचान के बारे में उन्हें बताया।

कसमार दौरे में डीसी ने चुनावी जागरूकता, शिक्षा व्यवस्था और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। अब संबंधित विभागों के सामने निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों को जमीन पर लागू करने की जिम्मेदारी है।

Share.
Next Story
गैस की किल्लत से लेकर जमीन विवाद तक, रांची डीसी ने सुनी सबकी फरियाद
Exit mobile version