रांची: राजधानी रांची के महिलौंग स्थित बिरला नॉलेज सिटी के श्री राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में बुधवार को श्री श्री मां जगद्धात्री पूजा का भव्य आयोजन किया गया। मां जगद्धात्री की पूजा-अर्चना के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां के दर्शन किए और परिवार, समाज एवं देश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
मां जगद्धात्री पूजा समिति, महिलौंग के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया। पूजा के बाद भोग-प्रसाद का वितरण भी किया गया।
शक्ति, करुणा और लोककल्याण की प्रतीक हैं मां जगद्धात्री : डॉ. प्रदीप वर्मा
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि मां जगद्धात्री शक्ति, करुणा, धैर्य और लोककल्याण की प्रतीक हैं। भारतीय सनातन संस्कृति में ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को जीवंत रखने के साथ समाज में एकता, सद्भाव और सामूहिक चेतना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक परंपराएं समाज को एक सूत्र में बांधने और नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने मां जगद्धात्री से झारखंड सहित पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव बनाए रखने की कामना की।
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल
पूजा समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय कांत प्रसाद, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, दीपक प्रकाश, महामंत्री मनोज सिंह, मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, सह मीडिया प्रभारी अजय राय, प्रवक्ता आरती कुजूर, मृत्युंजय शर्मा, अशोक बड़ाईक, नगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण अध्यक्ष धीरज महतो, जेलेंद्र कुमार, शशिभूषण भगत और सुबोध सिंह गुड्डू समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा जनप्रतिनिधियों, प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों ने भी पूजा में भाग लिया। धार्मिक आयोजन में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
