लातेहार/चंदवा : लातेहार जिले में अवैध कोयला खनन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। चंदवा थाना क्षेत्र के सिकनी के पास सुरंग बनाकर चोरी-छिपे कोयला निकासी किए जाने का मामला सामने आने के बाद जिला खनन विभाग और चंदवा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान चार अलग-अलग स्थानों पर सुरंग बनाकर अवैध रूप से कोयले की निकासी यानी रैट होल माइनिंग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाकर चारों अवैध खदानों की डोजरिंग कर उनके मुहानों को मिट्टी से भरकर बंद करा दिया।
जानलेवा है अवैध सुरंग खनन!
जिला खनन पदाधिकारी नदीम शफी ने बताया कि इस तरह की अवैध सुरंगों में मीथेन सहित जहरीली गैसों का रिसाव, अचानक पानी भरने और सुरंग धंसने से मजदूरों की जान जाने का गंभीर खतरा बना रहता है। खासकर मानसून के दौरान चाल धंसने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध कोयला उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उपायुक्त संदीप कुमार का सख्त निर्देश
उपायुक्त संदीप कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर कड़ी निगरानी रखें। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजें।
इस छापेमारी अभियान में जिला खनन पदाधिकारी नदीम शफी, खान निरीक्षक देवानंद शर्मा, सहायक आरक्षी-76 अरविंद कुमार सिंह तथा सिकनी पुलिस पिकेट के सशस्त्र बल शामिल थे।
अब बड़ा सवाल यह है कि सिकनी क्षेत्र में आखिर कब से अवैध सुरंगें बनाकर कोयले की निकासी की जा रही थी और इस धंधे के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं?
