रांची: रांची से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू करने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज होती दिख रही हैं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट विकास परियोजना को लेकर बुधवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें एयरपोर्ट के लिए हस्तांतरित जमीन, चहारदीवारी निर्माण और अतिक्रमण हटाने से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में उपायुक्त ने राज्य सरकार की ओर से एयरपोर्ट के लिए हस्तांतरित की गई जमीन पर चहारदीवारी निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। साथ ही चहारदीवारी के दायरे में आने वाले घरों को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा सड़क डायवर्सन और विद्युत लाइन स्थानांतरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया। अधिग्रहित जमीन का नागर विमानन विभाग के पक्ष में नामांतरण करने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई।
बैठक के दौरान रांची से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू करने की दिशा में अब तक हुई प्रगति और इससे जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी भी ली गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रक्रियाओं को नियमों के तहत पूरा करें, ताकि एयरपोर्ट विकास परियोजना में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, सिटी एसपी पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह समेत भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
