क्लस्टर III के 07 विद्यालयों के बीच होगी प्रतिस्पर्धा
आज दिनांक 29.07.2026 को डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल, राँची में “डीएवी स्पोर्ट्स- 2026-एम्पावरिंग डीएवीयंस” के तहत दो दिवसीय क्लस्टर लेवल की खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन श्री बिपिन राय, सहायक क्षेत्रीय अधिकारी,डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड जोन-जी ने खेल ध्वज फहराकर डीएवी गान द्वारा किया। इस अवसर परस्पर भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक गुब्बारे संग शांति के सूचक कबूतर को उड़ाकर खेल की सफल शुरुआत और सम्पन्नता की कामना की गई।
श्री राय साहब ने अपने संबोधन में कहा कि ‘एम्पावरिंग डीएवीयंस’ डीएवी सी.एम. सी नई दिल्ली की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य अंतर विद्यालयी प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों की खेल प्रतिभा को विकसित करना और उन्हें राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय मंचों के लिए तैयार करना है। उन्होंने नई शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि डीएवी सी.एम.सी के प्रधान,आर्य रत्न, पद्मश्री डॉक्टर पूनम सूरी जी का कहना है कि नई शिक्षा नीति में खेलों को पाठ्यक्रम के अन्तर्गत शिक्षा का एक अभिन्न अंग माना गया है। खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास, मानसिक दृढ़ता और टीम भावना को बढ़ावा देते हैं। *डीएवी स्पोर्ट्स* *एन.इ.पी* के इसी विजन को धरातल पर उतारने का एक छोटा-सा प्रयास है। इस प्रकार उन्होंने उत्साहपूर्ण शब्दों से सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा खेलभावना को सर्वोपरि रखते हुए खेलों में हिस्सा लेने की अपील की।
कक्षा बारहवीं का छात्र व सांस्कृतिक कार्यक्रम का कप्तान शौर्य राज ने प्रतिभागियों को अनुशासन एवं खेल भावना के साथ शपथ दिलाई।
तदुपरांत सौहार्दपूर्ण वातावरण में खेलों का शुभारम्भ हुआ।
दिनांक 29.07.26 से 30.07.2026 तक चलनेवाली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और हैंडबॉल आयोजित हैं। इनमें अंडर-14, अंडर 17 और अंडर 19 के बालक एवं बालिका वर्ग के 907 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है। इसमें चयनित खिलाड़ी व टीम आगे जाकर जोनल और नेशनल लेवल पर डीएवी स्पोर्ट्स में अपने क्लस्टर का नाम रौशन करेंगे।
इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल गढ़वा के प्राचार्य श्री आशीष मंडल, भवनाथपुर के प्राचार्य श्री आकाश कुमार सिन्हा, हजारीबाग के प्राचार्य श्री रजनीश कुमार एवं श्री विवेकानंद चौबे, डाल्टेनगंज की प्राचार्या डॉ. इन्द्राणी चटर्जी, लोहरदगा की प्राचार्या श्रीमती प्रेरणा शंखधर तथा लोहरदगा के प्राचार्य श्री घनश्याम कुमार सहाय तथा डीएवी हेहल के सुपरवाइजरी हेड श्री बी. कार्तिक तथा श्रीमती अनुश्री सिन्हा एवं आदि ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
