राँची। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), राँची ने अपने 37वें स्थापना दिवस के अवसर पर 17 जुलाई 2026 को विवेकानंद सभागार में भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया। “कीर्ति ध्वज – बैनर ऑफ ग्लोरी” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यालय की गौरवशाली यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झारखंड विधानसभा की विधायक श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन रहीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों की प्रतिभा व अनुशासन की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डीपीएस राँची न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र है, बल्कि यह विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी विकास कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में “रूट्स इन रिद्म” के तहत लोक संगीत की मनमोहक प्रस्तुति और “अकथित वीरांगनाएँ” नृत्य-नाटिका ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत-गान से हुई, जबकि ग्रैंड फिनाले ने पूरे सभागार को उत्साह से भर दिया।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और सभी के सहयोग के लिए आभार जताया। कार्यक्रम के अंत में हेड बॉय प्रिंस जैन एवं हेड गर्ल अतुल्या श्रेष्ठ ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
