बिहार-झारखंड के ग्राहकों को बैंकिंग काम के लिए करना होगा इंतजार, ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू।
रांची: अगर आप बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करने की योजना बना रहे हैं, तो छुट्टियों की तारीख जरूर जान लें। आज यानी 14 नवंबर 2026 को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण देशभर के बैंक बंद हैं। इसके बाद 15 नवंबर को रविवार होने से भी बैंकिंग कामकाज नहीं होगा। वहीं, 16 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर बिहार और झारखंड में बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में इन दोनों राज्यों के ग्राहकों को बैंक शाखा से जुड़े जरूरी काम के लिए 17 नवंबर तक इंतजार करना होगा।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं। वहीं, पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक सामान्य रूप से खुले रहते हैं। हालांकि, किसी विशेष त्योहार या क्षेत्रीय छुट्टी के कारण इन दिनों भी बैंक बंद हो सकते हैं।
बैंक शाखाएं बंद होने के बावजूद ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग की सुविधा मिलती रहेगी। यूपीआई, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए सामान्य लेनदेन किया जा सकेगा।
हालांकि, बड़ी रकम जमा करने या निकालने, पुराने और फटे नोट बदलने, निष्क्रिय खाते को दोबारा चालू कराने, नॉमिनेशन और खाताधारक की मृत्यु के बाद कानूनी दावे से जुड़े कामों के लिए बैंक शाखा जाना पड़ सकता है। ऐसे कामों के लिए ग्राहकों को बैंक खुलने का इंतजार करना होगा।
आरबीआई के नवंबर 2026 के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, सोमवार, 16 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर बिहार और झारखंड में बैंक बंद रहेंगे। वहीं, अन्य राज्यों में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
दिल्ली सरकार ने भी छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर को सरकारी कार्यालयों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। हालांकि, आरबीआई की सूची में दिल्ली के लिए इस दिन बैंक अवकाश नहीं है। इसलिए वहां बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहेंगी।
ऐसे में ग्राहकों को सलाह है कि बैंक जाने से पहले अपने शहर की छुट्टियों की जानकारी जरूर जांच लें। ऑनलाइन काम के लिए छुट्टी खत्म होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, लेकिन बैंक शाखा से जुड़े जरूरी काम पहले ही निपटा लेना बेहतर रहेगा
