रांची। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के भव्य और ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों के बीच भारतीय यूथ संगठन महा छठ पूजा समिति के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल से राजभवन में शिष्टाचार मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा छठ महापर्व के आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा. इस दौरान समिति की ओर से आयोजन की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और छठ व्रतियों के लिए की जा रही सुविधाओं की जानकारी भी दी गयी.
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि इस वर्ष छठ पूजा का आयोजन भव्य और दिव्य स्वरूप में किया जा रहा है. उन्हें सपरिवार महापर्व में शामिल होने का आग्रह किया गया. समिति के सदस्यों ने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, सूर्योपासना, सामाजिक समरसता और भारतीय प्राचीन संस्कृति का प्रतीक है. यह पर्व समाज को एकजुट करने के साथ लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश देता है.
राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए छठ महापर्व के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की. उन्होंने भारतीय यूथ संगठन महा छठ पूजा समिति की ओर से छठ व्रतियों की सेवा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए किये जा रहे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना की. साथ ही आयोजन को सफल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए समिति को शुभकामनाएं दीं.
प्रतिनिधिमंडल में कुमुद रंजन दुबे, राजेंद्र कुमार, अभय कुमार तिवारी, राजेश साहू और आनंद कुमार शामिल थे. मुलाकात के अंत में समिति के सदस्यों ने राज्यपाल के प्रति आभार जताया.
