बस्ती के अंदर पनप रहा है गैंग! शिकायतों के बावजूद नहीं होती ठोस कार्रवाई…
रांची: कांके थाना क्षेत्र के नगड़ी में अमृत टोप्पो को लेकर विवाद अब गंभीर सवाल खड़े करने लगा है। एक तरफ अख्तर अंसारी ने अपने भतीजे और खुद पर हमला करने का आरोप लगाया है, तो दूसरी तरफ उन्होंने अमृत टोप्पो पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने और बस्ती के भीतर गैंग तैयार करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला अब केवल एक मारपीट की घटना तक सीमित नहीं रह गया है। अख्तर अंसारी ने कांके पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शिकायतें किए जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
बस्ती के अंदर ही अंदर गैंग पाल रहा है अमृत टोप्पो!
झारखंड डिजिटल की टीम से बातचीत में अख्तर अंसारी ने दावा किया कि अमृत टोप्पो बस्ती के अंदर ही अंदर अपना गैंग तैयार कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उसे कांके थाना से भी संरक्षण मिल रहा है। अख्तर के मुताबिक, अमृत टोप्पो के घर में कई हथियार रखे होने की आशंका है। यहां तक कि AK-47 जैसे हथियार होने की भी आशंका जताई गई है। हालांकि, हथियारों की मौजूदगी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अख्तर का कहना है कि बस्ती में लंबे समय से लड़ाई-झगड़े और आपसी रंजिश की घटनाएं होती रही हैं। उनके अनुसार, यहां का माहौल धीरे-धीरे ऐसा बनता जा रहा है कि लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्ती के भीतर एक खतरनाक गैंग पनप रहा है और समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
राशन डीलर हैं अख्तर, अमृत की मां भी इसी पेशे से जुड़ीं…पहले कोई रंजिश नहीं
अख्तर अंसारी मुख्य रूप से राशन डीलर हैं। वहीं, अमृत टोप्पो की मां भी राशन डीलर हैं। अख्तर के मुताबिक, इसी वजह से दोनों परिवारों के बीच पहले से अच्छे संबंध रहे हैं। उनका दावा है कि अमृत टोप्पो के साथ उनकी कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। इसके बावजूद जिस तरह उनके भतीजे के साथ मारपीट की गई और बाद में उन पर हमला हुआ, वह उनके लिए बेहद भयावह था।
अख्तर ने अमृत टोप्पो पर पहले भी मारपीट, कांड से संबंधित मामले और दुष्कर्म जैसी घटनाओं में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इन घटनाओं की शिकायतें होती रही हैं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। इन पुराने मामलों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
कांके पुलिस दे रही संरक्षण: अख्तर अंसारी
अख्तर अंसारी ने कांके थाना की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि इलाके में घटनाएं होती हैं, शिकायतें दर्ज कराई जाती हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ खास नहीं होता। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिस समय रहते सख्ती दिखाए और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे, तो बस्ती में इस तरह का माहौल बनने से रोका जा सकता है।
अख्तर का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही और आरोपियों को मिल रहे संरक्षण के कारण ही ऐसी घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल नगड़ी में अमृत टोप्पो को लेकर लगाए जा रहे आरोपों ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और कांके पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर हथियार रखने, गैंग संचालित करने और मारपीट जैसी गंभीर शिकायतें सामने आ रही हैं, तो दूसरी ओर शिकायतकर्ता पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा रहा है। ऐसे में अब देखना होगा कि कांके पुलिस इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेती है और हथियारों व आपराधिक गतिविधियों की जांच के लिए क्या कदम उठाती है। सबसे अहम सवाल यही है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना पुलिस इस मामले में ठोस कार्रवाई करेगी या फिर शिकायतें और आरोप यूं ही फाइलों में दबकर रह जाएंगे?
