Tuesday, October 13
रांची: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान सोमवार देर रात हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रांची पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे “कायराना हरकत” बताया।
जयराम महतो ने देर रात मीडिया से बातचीत में कहा कि सोमवार शाम तक छात्रों का आंदोलन शांतिपूर्ण था। उनके अनुसार, रात में अचानक स्थिति बदल गई। महतो का आरोप है कि पुलिस ने अंधेरे की आड़ में लाइटें बंद कराईं और छात्रों को यह कहकर बैठाया गया कि उनसे बातचीत की जाएगी। छात्र बातचीत की उम्मीद में वहीं रुके रहे, लेकिन बाद में उन पर लाठीचार्ज कर दिया गया।
उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को “झकझोर देने वाला” बताते हुए कहा कि छात्रों के साथ जिस तरह से बल प्रयोग किया गया, उससे झारखंड पुलिस की छवि को भी नुकसान पहुंचा है।

महिला छात्रों पर कार्रवाई को लेकर भी सवाल

जयराम महतो ने प्रदर्शन में शामिल महिला छात्रों को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला प्रदर्शनकारियों पर पुरुष पुलिसकर्मियों ने लाठी चलाई, जबकि मौके पर उन्हें संभालने के लिए पर्याप्त महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं। महतो ने कहा कि यह प्रशासन की कार्रवाई और व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

‘छात्रों का साथ नहीं छोड़ेंगे’

जयराम महतो ने स्पष्ट किया कि वह आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह अब तक उन्होंने छात्रों के आंदोलन में उनका साथ दिया है, आगे भी उनका समर्थन जारी रहेगा। आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति क्या होगी, इसका फैसला जल्द लिया जाएगा।
JPSC-JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, JSSC-CGL परीक्षा को लेकर उठे सवाल और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को छात्रों ने विधानसभा घेराव का भी प्रयास किया था, जिसके दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी थी।
Share.
Next Story
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में विधानसभा के बाहर धरने पर लेटे मांडू विधायक तिवारी महतो
Exit mobile version