Friday, November 13

पहले नाबालिग को जबरन उठाकर ले जाने, नशीला पदार्थ देने और शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप, इच्छा के विरुद्ध गर्भपात कराने की शिकायत

Ad debug output

The ad is not displayed on the page

current post: JHARKHAND DIGITAL EXCLUSIVE : सुषमा बड़ाइक समेत कई पर नाबालिग का जबरन गर्भपात कराने का आरोप, विरोध किया तो परिवार को मिली जान से मारने की धमकी, ID: 14381

Ad: ADVT 300x250-1 (14327)
Placement: Content (8616)

Find solutions in the manual

सुषमा बड़ाईक, पदमा बड़ाईक, प्रीति सिंह, बबलू कुमार, राखी कुमारी, चन्दन चौरसिया पर गंभीर आरोप

पूर्व में दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के लिए घर में घुसकर धमकाने का आरोप

बाडीगार्ड और  पुलिसकर्मियों के प्रभाव का हवाला देकर डराने का भी दावा

मेडिकल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की अपील

झारखंड की चर्चित महिला सुषमा बड़ाइक और उसके सहयोगियों पर नाबालिग के साथ जबरन गर्भपात कराने, डराने धमकाने , केस वापस लेने जैसे गंभीर आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। विदित हो कि सुषमा बड़ाइक ने पूर्व आईपीएस पीएस नटराजन पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे जिसके बाद उनका नाम चर्चा में आया। ऐसे में जो महिला खुद यौन शोषण की पीड़िता रह चुकी है अब उसी पर आरोप लग रहे हैं कि वह नाबालिग बच्ची को डरा धमकाकर उसका गर्भपात करा चुकी है और अपने बाडीगार्ड के नाम से उसके परिवार को धमकी रही है।

क्या है मामला

रांची के रातू थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक परिवार ने अपनी नाबालिग बेटी को उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात कराने, पहले जबरन अपने साथ ले जाने, नशीला पदार्थ देने और बाद में प्राथमिकी वापस लेने के लिए लगातार धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की मां के द्वारा रातू थाना प्रभारी को दिए गए लिखित आवेदन में कई लोगों के नाम का उल्लेख करते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई है।

मामला केवल एक नाबालिग के साथ कथित अपराध तक सीमित नहीं है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि न्याय की मांग करने वाले परिवार पर ही दबाव बनाया जा रहा है। घर में घुसकर धमकी देने, जान से मारने की चेतावनी देने और पुराने मामले को वापस लेने के लिए पैसे का लालच देने तक के आरोप लगाए गए हैं।

पहले जबरन ले जाने और नशीला पदार्थ देने का आरोप

परिवार की ओर से पूर्व में दिए गए एक अन्य आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 30 सितंबर 2026 से पहले नाबालिग पीड़िता को चंदन चौरसिया नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर जबरन अपने घर में बंद कर दिया था। शिकायत के अनुसार, बच्ची को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया गया और इंजेक्शन देने का भी आरोप लगाया गया है। परिवार का दावा है कि जब परिजन बच्ची को वापस लाने पहुंचे, तब उसे घर जाने देने से इनकार किया गया और जबरन विवाह कराने की बात कही गई।

परिवार का आरोप है कि काफी प्रयास के बाद बच्ची को वहां से वापस लाया गया, लेकिन इसके बाद भी विवाद और धमकियों का सिलसिला जारी रहा। आवेदन के मुताबिक, 30 सितंबर को बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टी और चक्कर आने लगे और बेहोशी की स्थिति में सेवा सदन अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि अस्पताल में उपचार के दौरान बच्ची को तीन यूनिट खून भी चढ़ाया गया। परिवार ने इसी घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की है।

इच्छा के विरुद्ध मेडिकल सेंटर ले जाकर गर्भपात कराने का आरोप

पीड़िता की मां के ताजा आवेदन में सबसे गंभीर आरोप नाबालिग का उसकी इच्छा और सहमति के विरुद्ध गर्भपात कराने को लेकर लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक सुषमा बड़ाइक और पदमा बड़ाईक नामक महिला बच्ची को कार से एक मेडिकल सेंटर ले गई थीं। आरोप है कि मेडिकल सेंटर पहुंचने से कुछ दूरी पहले बच्ची को चंदन नामक व्यक्ति के साथ उतार दिया गया।

परिवार का दावा है कि बच्ची को पहले ही हिदायत दी गई थी कि मेडिकल सेंटर में किसी से कुछ नहीं बोलना है और जो कहा जाए, चुपचाप करवाकर वापस आना है। शिकायत में कहा गया है कि बच्ची अपने माता-पिता को बुलाना चाहती थी, लेकिन उसे ऐसा करने का अवसर नहीं दिया गया। उसकी कथित असहमति के बावजूद गर्भपात कराया गया।

इस मामले में परिवार ने संबंधित मेडिकल सेंटर, चिकित्सक और मेडिकल स्टाफ की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही मेडिकल रिकॉर्ड, उपचार से जुड़े दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित कराने की अपील की गई है, ताकि जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट या प्रभावित न हो सकें।

एफआईआर वापस लेने का दबाव, घर में घुसकर धमकाने का आरोप

शिकायत में एक और गंभीर घटनाक्रम का उल्लेख है। परिवार का आरोप है कि पहले दर्ज प्राथमिकी संख्या 330/2026 को वापस लेने के लिए सुषमा बड़ाईक, पदमा बड़ाईक, प्रीति सिंह, बबलू कुमार, राखी कुमारी और अन्य लोगों की ओर से दबाव बनाया जा रहा है।

आवेदन के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को कथित तौर पर कई लोग परिवार के घर में घुस आए और प्राथमिकी वापस नहीं लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि परिवार को पैसे का लालच देकर मामला समाप्त करने की बात भी कही गई।

आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि परिवार के मुखिया को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपित महिला ने अपने साथ चलने वाले अंगरक्षकों और पुलिस सुरक्षा का हवाला देकर परिवार को भयभीत करने की कोशिश की। कथित तौर पर यह भी कहा गया कि बड़े-बड़े लोगों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को जेल भिजवाने की क्षमता रखती हैं।

अंगरक्षकों और पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी उठाए सवाल

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बच्ची को मेडिकल सेंटर ले जाने के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं, कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा भी कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और धक्का देकर अपमानित करने की बात कही गई है।

परिवार ने संबंधित पुलिसकर्मियों और अंगरक्षकों की पहचान कर उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था और प्रभाव का हवाला देकर परिवार को लगातार डराया जा रहा है।

सात बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग, बच्ची की सुरक्षा सबसे बड़ा सवाल

मां ने अपने आवेदन में तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने, सभी नामजद व्यक्तियों की भूमिका की जांच करने, मेडिकल सेंटर के दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने तथा पूर्व की प्राथमिकी में वर्णित धमकी की घटनाओं पर कार्रवाई करने की मांग की है।

इसके अलावा नाबालिग का बयान महिला पुलिस पदाधिकारी के माध्यम से सुरक्षित और बाल अनुकूल वातावरण में दर्ज कराने, आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराने तथा उसकी पहचान और निजता सुरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है।

अब पुलिस की जांच पर टिकी निगाहें

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक नाबालिग से जुड़े इतने गंभीर आरोपों के बाद अब तक क्या कार्रवाई हुई है? क्या मेडिकल सेंटर के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच होगी? क्या पहले दर्ज प्राथमिकी और परिवार की ओर से लगाए गए नए आरोपों को एक साथ जोड़कर निष्पक्ष अनुसंधान किया जाएगा?

फिलहाल उपलब्ध दस्तावेज परिवार की ओर से पुलिस को दी गई शिकायतों और लगाए गए आरोपों को सामने रखते हैं। आरोपों की पुष्टि होना बाकी है। पुलिस का आधिकारिक पक्ष और जांच की स्थिति भी सामने आनी चाहिए। लेकिन नाबालिग की सुरक्षा, मेडिकल साक्ष्यों का संरक्षण और परिवार को धमकी दिए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। अब देखना होगा कि रातू पुलिस इस गंभीर शिकायत पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करती है।

Share.
Next Story
झारखंड में छात्रवृत्ति संकट गहराया: राजभवन पहुँचे छात्र, सरकार की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल
Exit mobile version