गिरिडीह: निमियाघाट थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक ही परिवार के पिता और तीन साल के मासूम बेटे की मौत की खबर सामने आने के बाद मंत्री दीपक बिरुआ ने मामले पर संज्ञान लिया है। Jharkhand Digital की खबर के बाद मंत्री ने गिरिडीह DC को घायलों की मदद के निर्देश दिए हैं। बता दे मंत्री दीपक बिरुआ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे को लेकर दुख जताते हुए लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने गिरिडीह DC को हादसे में घायल लोगों की मदद करने का निर्देश भी दिया है।
क्या है मामला?
दरअसल, निमियाघाट थाना क्षेत्र में एक ही बाइक पर चार लोग सवार होकर घर लौट रहे थे। बाइक पर देवेंद्र महतो, उनकी पत्नी सोनी देवी, तीन वर्षीय बेटे चीकू कुमार और डुग्गू कुमार सवार थे। जानकारी के मुताबिक, चारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।निमियाघाट के पास बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि चारों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।डॉक्टरों ने देवेंद्र महतो और उनके तीन वर्षीय बेटे चीकू कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं सोनी देवी और डुग्गू कुमार का इलाज जारी है।
मंत्री बोले- सड़क सुरक्षा नियमों का हर हाल में करें पालन
हादसे को लेकर दीपक बिरुआ ने X पर लिखा कि यह बेहद वेदना देने वाली खबर है। उन्होंने एक बार फिर लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का हर हाल में पालन करने और सुरक्षित सफर करने की अपील की।उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए ईश्वर से परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही @GiridihDc को घायलों की मदद करने का निर्देश दिया।
यह हादसा एक बार फिर सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही की भारी कीमत की ओर इशारा करता है। एक बाइक पर चार लोगों का सवार होना और हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करना सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी है। अब मंत्री के संज्ञान के बाद घायलों को बेहतर मदद और इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
इसे भी पढ़े – एक बाइक, बिना हेलमेट ,चार सवार,और ओवरलोड ……….. सड़क सुरक्षा की अनदेखी ने ली एक ही परिवार के 2 लोगों की जान
