सिमडेगा: अवैध बालू की ढुलाई रोकने निकले सीओ साहब शायद यह सोचकर निकले होंगे कि आज कुछ ट्रैक्टर पकड़े जाएंगे। लेकिन सिमडेगा में मामला कुछ ऐसा पलटा कि बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने पहुंचे सीओ को ही ट्रैक्टर पर ‘सवारी’ कराने की कोशिश होने लगी।
घटना सदर थाना क्षेत्र के घोड़बहार के पास की बताई जा रही है। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान सीओ इम्तियाज अहमद को ट्रैक्टर के साथ ले जाने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, उनका मोबाइल छीनने का भी प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।
चाबी सीओ के पास थी… ट्रैक्टर फिर भी स्टार्ट हो गया!
दरअसल, सीओ अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों की जांच के लिए पहुंचे थे। उन्होंने एक के बाद एक दो ट्रैक्टरों को रोका और उनकी चाबियां अपने कब्जे में ले लीं। पुलिस को भी सूचना दे दी गई कि मामला अब विभाग के हाथ में है।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान रूबी नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचा और दूसरी चाबी से एक ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया। ट्रैक्टर चल पड़ा तो सीओ ने उसे रोकने के लिए उस पर चढ़ने की कोशिश की। आरोप है कि चालक ने ट्रैक्टर रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया।
यानी जिस ट्रैक्टर की चाबी प्रशासन के कब्जे में थी, वही दूसरी चाबी के सहारे निकल पड़ा।
फोन करने लगे सीओ, मोबाइल छीनने की कोशिश का आरोप
स्थिति बिगड़ती देख सीओ ने थाना प्रभारी को फोन करने की कोशिश की। इसी दौरान उनका मोबाइल भी छीनने का प्रयास किया गया।
हालांकि, सीओ ने भी हार नहीं मानी और ट्रैक्टर को सलडेगा रोड के आबादी वाले इलाके में रुकवाने में सफल रहे। तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बालू के साथ ‘एक्स्ट्रा’ में बिजली का पोल भी आया
इधर, दूसरे जब्त ट्रैक्टर को भी ले जाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई। लेकिन भागने के दौरान ट्रैक्टर बिजली के पोल से जा टकराया।
आखिरकार दोनों ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में पहुंचे और सदर थाना ले जाए गए।
बालू इतना ताकतवर कैसे?
घटना के बाद अवैध बालू कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर एक अधिकारी की कार्रवाई के दौरान ही ट्रैक्टर लेकर भागने और मोबाइल छीनने की कोशिश का आरोप लग रहा है, तो आम लोगों के सामने अवैध बालू कारोबारियों का दबदबा कितना होगा?
फिलहाल सीओ की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। अब जांच यह साफ करेगी कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कौन-कौन लोग थे और अवैध बालू कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा है।
इसे भी पढ़े – एक बाइक, बिना हेलमेट ,चार सवार,और ओवरलोड ……….. सड़क सुरक्षा की अनदेखी ने ली एक ही परिवार के 2 लोगों की जान
