रांची: दिल्ली में फंसीं झारखंड की 59 छात्राओं की सुरक्षित वापसी को लेकर पहल शुरू हो गई है। झारखंड की बेटियों के दिल्ली में फंसे होने की खबर सामने आने के बाद रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने रेल मंत्रालय से बातचीत शुरू की है, ताकि छात्राओं की जल्द और सुरक्षित वापसी का रास्ता निकाला जा सके।
दरअसल, रांची जिले के पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षा 9वीं और 10वीं की 59 छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण पर दिल्ली गई थीं। तय कार्यक्रम के अनुसार, उन्हें 11 अक्टूबर को गरीब रथ एक्सप्रेस से रांची लौटना था। लेकिन CJP आंदोलन के कारण ट्रेन रद्द होने से छात्राओं की वापसी प्रभावित हो गई।
झारखंड डिजिटल की खबर के बाद छात्राओं की वापसी के लिए हुई पहल…
ट्रेन रद्द होने के कारण छात्राओं के अभिभावक उनकी सुरक्षा और घर वापसी को लेकर चिंतित थे। अब रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के संज्ञान लेने के बाद इस मामले में रेल मंत्रालय से बातचीत शुरू की गई है। कोशिश है कि छात्राओं की सुरक्षित वापसी के लिए जल्द व्यवस्था हो सके।
परिवारों को सुरक्षित वापसी का इंतजार
दिल्ली में फंसीं इन 59 छात्राओं की वापसी अब रेल मंत्रालय के साथ बातचीत और आगे होने वाली व्यवस्था पर निर्भर है। फिलहाल सबसे अहम यह है कि सभी छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो और उन्हें जल्द अपने घर लौटने का मौका मिले।
